UP में कानून का राज खत्म, हिंसा, उत्पीड़न, अराजकता से जनता में भय का माहौल: अखिलेश

punjabkesari.in Tuesday, Aug 17, 2021 - 07:02 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है और उत्पीड़न, हिंसा, अराजकता से लोग डरे हुए हैं। यादव ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली में उत्तर प्रदेश की दुष्कर्म पीड़िता महिला के आत्मदाह की घटना से यूपी शर्मसार है। महोबा में छेड़खानी का विरोध करने पर महिला को जिंदा जला दिया गया। ऐसी घटनायें भाजपा सरकार की विफलता का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि मथुरा में दिनदहाड़े करोड़ों की और गोरखपुर में लाखों की लूट ने एनकाउण्टर वाली भाजपा सरकार के समय ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था की कलई खोलकर रख दी गयी है। ऐसा लग रहा है कि यूपी में अपराधियों ने भाजपा सरकार का ही एनकाउण्टर कर दिया है। मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने आखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूट-पाट किया। यही हाल पूरे प्रदेश का है।

अखिलेश ने कहा कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य ही है कि मुख्यमंत्री कानून का पालन कराने की जगह पुलिस-प्रशासन को ठोको नीति की शिक्षा देते है। सरकारी सत्ता के इशारे पर विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के मकान ढ़हाये जा रहे है। यह सरकार जेसीबी मानसिकता से कार्य कर रही है। जिसके तहत असहमति की आवाज को दबाया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज में राजनैतिक शत्रुता पैदा की है। जिस शासन तंत्र को अपराध रोकने का कार्य करना चाहिए वह सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले लोगों को निपटाने में लगी है। भाजपा ने संविधान का मजाक बना दिया है, अपराधी सत्ता संरक्षण में सफेदपोश बन गये है और बेगुनाहों को जेलों में ठूंस दिया जा रहा। भाजपा सरकार ने यूपी को अपराध प्रदेश बना दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static