यूपी के इस जिले में चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान के भाई की गोली मारकर हत्या, 5 लोग हिरासत में
punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 12:37 PM (IST)

Shravasti News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आपका दिल दहल जाएगा। जहां जिले के इकौना थाना क्षेत्र के जयचन्दपुर कटघरा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और गोलीबारी में पांच व्यक्ति घायल हो गए। जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गोली लगने से घायल ग्राम प्रधान के भाई संजय तिवारी (30) की अस्पताल में मौत हो गई।
चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान के भाई की गोली मारकर हत्या
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जयचन्दपुर कटघरा गांव में गुरुवार की शाम करीब पौने 6 बजे दो गुटों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट हुई और फिर एक गुट ने गोलीबारी की। इस घटना में संजय तिवारी, सुखदेव तिवारी, विमला देवी, राजन और अभिषेक तिवारी घायल हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान संजय तिवारी की मौत हो गई। वहीं बाकी चार घायलों का इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी रहा है।
जानिए, क्या कहना है मामले की जांच कर रहे एसपी का?
आपको बता दें कि इस मामले की जांच कर रहे एसपी ने कहा कि घटना के संबंध में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। फॉरेंसिक टीम घटना की जांच कर रही है। गौरतलब है कि जयचन्दपुर कटघरा गांव में शिव कुमार शुक्ल ग्राम प्रधान थे। पंचायत चुनावों में उनके नजदीकी रिश्तेदार अरविंद तिवारी उन्हें हराया और प्रधान बने जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच उच्च न्यायालय में एक मुकदमा भी चल रहा है।