घर में मां की लाश, बेटे ने 13वीं मंजिल से कूदकर किया सुसाइड… गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना, डेठ मिस्ट्री को सुलझाने में लगी पुलिस
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 07:34 PM (IST)
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कविनगर थाना क्षेत्र की महागुनपुरम सोसाइटी में सामने आई घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ओर जहां 40 वर्षीय व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी, वहीं उसके फ्लैट के अंदर उसकी 70 वर्षीय मां का दो दिन पुराना शव मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
डायल 112 पर मिली जानकारी
पुलिस के मुताबिक, आज डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि विनायक टावर की 13वीं मंजिल से एक व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। सूचना पर थाना कविनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पास के निजी, मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजवीर (40 वर्ष) पुत्र महेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो अपनी मां सतनाम कौर (70 वर्ष) के साथ उक्त फ्लैट में रहता था।
बेड पर पड़ी थी मां की लाश
पुलिस जब फ्लैट के अंदर पहुंची तो वहां बेड पर सतनाम कौर का शव पड़ा मिला, जो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मां की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।
यह भी पढ़ें : 3 महीने की प्रेग्नेंट YouTuber की पति ने की बेरहमी से हत्या, 10 महीने पहले हुई Love Marriage का हुआ दर्दनाक अंत, रूह कंपा देगा कत्लेआम
राजवीर से अलग रह रही थी पत्नी
जांच में यह भी सामने आया है कि राजवीर अपनी पत्नी से अलग मां के साथ रहा था। उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ गौड़ सिटी-2 सोसाइटी में अलग रह रही थी। हालांकि राजवीर का वहां आना-जाना लगा रहता था, लेकिन बीते दो दिनों से वह वहां नहीं गया था। घटना की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी अस्पताल पहुंची।
एस्ट्रोलॉजी करता था राजवीर
पुलिस के अनुसार, राजवीर पहले एस्ट्रोलॉजी से जुड़ा काम करता था, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिलने के कारण वह फिलहाल बेरोजगार था। बताया जा रहा है कि वह इन दिनों पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने का काम कर रहा था। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किन परिस्थितियों में पहले मां की मौत हुई और फिर बेटे ने इतना बड़ा कदम उठाया।
यह भी पढ़ें : फिल्म इंडस्ट्री को फिर बड़ा झटका! दिग्गज अभिनेत्री का 76 साल की उम्र में निधन, फेमस एक्ट्रेस की मौत से टूटे Bollywood सितारे
सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठने की उम्मीद है।
कविनगर के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने कहा, “डायल 112 से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। फ्लैट के अंदर जांच करने पर उसकी मां का शव भी मिला है, जो लगभग दो दिन पुराना प्रतीत होता है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

