पंचायत चुनाव में सपा ने BJP पर लगाया धांधली का आरोप, 15 जुलाई को विरोध में करेगी प्रदर्शन

punjabkesari.in Friday, Jul 09, 2021 - 09:41 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर धांधली करने और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। शुक्रवार को जारी एक बयान में सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने क्षेत्र पंचायत चुनाव को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए कहा, ''भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में आधी आबादी के साथ भाजपाइयों का बर्ताव घिनौना और निंदनीय है। लखीमपुर के पसगवां ब्लॉक में नामांकन के समय समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी ऋतु सिंह एवं उनकी प्रस्तावक अनीता यादव के साथ दुर्व्‍यवहार किया गया और उनकी साड़ी खींची गयी, चीरहरण की यह घटना लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय है।

बता दें कि सिद्धार्थनगर, बहराइच और कुशीनगर समेत कई जिलों में सपा उम्मीदवारों के साथ अराजकता और अभद्रता का आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने कहा, ''उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नामांकन केन्द्र में पहले से भाजपा के दर्जनों दबंग उपस्थित होकर निष्पक्ष चुनाव को खुली चुनौती दे रहे हैं।'' उन्होंने कहा, '' उप्र में संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा को जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है। सरकारी मशीनरी और गुंडागर्दी के बलबूते जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर जबरन कब्जा करना भाजपा को भारी पड़ेगा। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।'' सपा प्रमुख ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को क्षेत्र पंचायत प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की कथित धांधली के विरोध में 15 जुलाई को प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static