''श्रमिक कालोनियों पर भी है भाजपा सरकार की निगाह'', सपा मुखिया ने BJP पर लगाया आरोप

punjabkesari.in Friday, May 10, 2024 - 06:29 PM (IST)

कानपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कानपुर के औद्योगिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मिलों पर ताला लटकवाने वाली यह सरकार अब लेबर कालोनियों पर भी निगाह रखे हुए है।

'सातवां चरण खत्म होने के साथ भाजपा का पूरे देश में सफाया हो जाएगा....'
 दरअसल, सपा मुखिया अखिलेश यादव GIC ग्राउंड पर गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश सातवें आसमान पर है। चुनाव का सातवां चरण खत्म होने के साथ भाजपा का पूरे देश में सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कानपुर के उद्यमियों और कारीगरों ने अपने दम पर उद्योग नगरी की पहचान बनाई है। सरकार को इनकी मदद करनी चाहिए थी, मगर सरकार ने बंद मिलों को शुरु करने का कोई प्रयास नहीं किया। बल्कि ये लोग लेबर कालोनियों को भी हड़पना चाहते हैं।

मेट्रो भी समाजवादियों की देन है: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में बिजली में निजी सहयोग से लगा बिजली संयंत्र सपा सरकार की देन है। मेट्रो भी समाजवादियों की देन है। हम कानपुर के नौजवानों को रोजगार देकर कानपुर को ‘कामपुर' बनाना चाहते हैं। जहां के लोगों को काम मिल जाए, इस दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार राजाराम पाल और आलोक मिश्रा को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि ये चुनाव हमारी आने वाली पीढ़ी का है। ये संविधान बचाने का चुनाव है।

'भाजपा ब्रह्मांड में सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है...'
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ब्रह्मांड में सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। भाजपा सरकार का हर वादा झूठा निकला। दस साल में कोई वादा पूरा नहीं किया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि खाद भी बोरी से चोरी हो गई। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगवा कर सरकार ने लाखों लोगों का जीवन संकट में डाल दिया। ये न सिर्फ हमारी आपकी जान के पीछे पड़े है, बल्कि संविधान के पीछे भी पडे़ है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static