सपा नेता व पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना कहा- यूपी में बीजेपी सपा नेताओं के खिलाफ अभियान चला रही

punjabkesari.in Wednesday, Nov 02, 2022 - 07:28 PM (IST)

आजमगढ़ (दिलीप कटियार) : बुधवार को जिले के केन्द्रीय कारागार में बंद सपा के पूर्व सांसद रमाकान्त यादव से मिलने पंहुचे बदायूं के पूर्व सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव नें योगी सरकार पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा कि यूपी के भीतर अपराध केवल सत्ता के संरक्षण में हो रहा है। यूपी में बीजेपी सपा नेताओं के खिलाफ अभियान चला रही है। जेल गेट पर उन्हें लगभग आधा घंटे खड़ा रहने के बाद उन्हें जेल में प्रवेश मिला।

बीजेपी सपा के नेताओं के साथ सौतेला व्यवहार कर रही
बुधवार को आजमगढ़ सेंट्रल जेल पहुंचे सपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि जेल में बंद सपा के पूर्व सांसद रमाकांत यादव को गलत तरीके से जेल भेजा गया है। 2001 के मुकदमे में दोबारा जांच कर धाराएं बढा कर उन्हें जेल में बंद किया गया है। उनके केस में ना मेडिकल रिपोर्ट है, ना ही वादी है, ना ही कोई चोट उसके बाद भी 307 की धारा बढ़ाकर कार्रवाई की गई। यूपी में बीजेपी सपा नेताओं के खिलाफ अभियान चला रही है। सपा नेताओं पर ही कार्रवाई की जा रही है। झांसी में पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया। अजाम खां के साथ क्या हुआ यह पूरा देश देख रहा है। कैराना में विधायक नाहिद खान के साथ क्या हुआ यह पूरे देश ने देखा। बीजेपी के लोग सपा के लोगों के साथ सौतेला व दोहरा व्यवहार कर रहें है। उनका सत्ता पक्ष के लोगों के लिये नजरिया दूसरा है। पार्टी इस सम्बन्ध में अपने हिसाब से कार्य कर रही है। योगी सरकार जीरो टॉलरेंस पर कार्य करने का दावा कर रही है। अभी तीन दिन पूर्व सपा नेता एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी शारदा देवी, मां शांति देवी की सोमवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई।


शिवपाल यादव हर कार्यक्रम में साथ होते है तो मीडिया को तकलीफ क्यों
धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह के निधन के बाद से शिवपाल यादव हर कार्यक्रम में साथ है। वह साथ है तो मीडिया को तकलीफ क्यों होने लगती है। उन्होंने सपा के विरोध में कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने जो भी बयान दिए वह सपा के पक्ष में ही दिए। आजमगढ़ सेंट्रल जेल में लगभग 45 मिनट रुकने के बाद बाहर आये पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव गेट के पास ही बंदी रक्षक धर्मवीर यादव के घर पर भी गए और हालचाल जाना। इसके बाद वह जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह के आवास पर पहुंचे और पिता के निधन पर संवेदना व्यक्त की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prashant Tiwari

Recommended News

Related News

static