Sultanpur: नहाते समय गोमती नदी में डूबे चार लड़के, 3 की मौत; SDRA की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2024 - 02:43 PM (IST)

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में गोमती नदी में नहाने गए तीन लड़कों की डूबने से मौत हो गई है। उन तीनों के शव शुक्रवार को नदी से बाहर निकाले गए है। दरअसल, गुरुवार दोपहर बाद गोमती नदी में नहाने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। एक बच्चे को बचा लिया गया, जबकि तीन का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी होने पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने डूबे बच्चों की तलाश में गोताखोर लगा दिए। गोताखोर देर रात तक नदी में डूबे बच्चों की खोजबीन में लगे रहे, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिल सकी। आज इनके शवों को बाहर निकाला गया है।

नहाते समय गहरे पानी में डूबे सभी युवक
इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर के पांचोपीरन बेचू खां का पुरवा निवासी फरहान (12), आबिद (10) और हसनैन (13) अपने अन्य साथियों के साथ बरुआ के पास गोमती नदी में नहाने गये थे। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगे। उन्होंने बताया कि लड़कों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

SDRA की टीम ने की शवों की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डूबे लड़कों को बाहर निकालने के लिए गोताखोरों की मदद ली गई। मगर करीब पांच घंटे की मशक्कत के बावजूद उनका कुछ पता नहीं चला। आज शुक्रवार को अयोध्या से आए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRA) के एक दल ने तीनों लड़कों के शव नदी से बाहर निकाले। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ेंः लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा; तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर नेशनल हाईवे पर ऊंचगांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप में सवार दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static