बंदरों का आतंक: छत पर सो रहे शख्स की नाक पर बुरी तरह काटा, अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को किया घायल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 31, 2022 - 03:22 PM (IST)

पीलीभीत: देश के कुछ राज्यों में बंदरों का आतंक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। आए दिन बंदर किसी न किसी को नुकसान पहुंचाते ही रहते हैं। ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से आया है। जहां एक युवक अपनी छत पर मच्छरदानी के अंदर सो रहा था तभी एक बंदर मच्छरदानी में घुस कर युवक के चेहरे को बुरी तरह से काट लिया।

ताजा मामला जिले के सेहरामऊ थाना क्षेत्र के धनौरा गांव का है। यहां छत पर मच्छरदानी में सो रहे एक युवक की नाक पर बंदर ने इतनी बुरी तरह काटा कि उसकी नाक पर 11 टांके लगे। जब वह चिल्लाने लगा तो घर वालों ने आकर बंदर को भगाया। इसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने युवक के नाक पर 11 टांके लगाए।

बताया जा रहा है कि इसके 2 दिन पहले बंदरों ने गांव के ही तबरेज, सलमान, रहमान और गुड्डू समेत कई अन्य को घायल किया था। पिछले कुछ दिनों में बंदरों ने तकरीबन आधा दर्जन लोगों को घायल किया है। जिससे गांव वालों के मन में खौफ पैदा हो गया है। कई लोग बंदर के डर से घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। वहीं, जिले के टाइगर रिजर्व के उप निदेशक ने सफाई देते हुए कहा कि जंगल के भीतर बंदर नहीं पकड़ सकते हैं। हालांकि गांवों में बंदर पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बंदर पकड़ने की जिम्मेदारी इस वक्त सामाजिक वानिकी के पास है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Imran

Recommended News

Related News

static