दहेज में ''बुलेट'' और खाने में ''बिरयानी-मीट'' न मिलने पर दूल्हे ने तोड़ी शादी, हाथों में मेंहदी रचाए सजी-संवरी दुल्हन करती रही इंतजार, निकाह के दिन बदली गईं मांगें

punjabkesari.in Tuesday, Jul 29, 2025 - 02:42 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दहेज में बुलेट और खाने में बिरयानी न मिलने पर दूल्हे पक्ष ने बारात लाने से इनकार कर दिया। दुल्हन मेंहदी रचाए और सज-संवर कर अपने दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन बारात नहीं पहुंची। दूल्हे के इस फैसले से लड़की पक्ष सदमे में है। 

दूल्हा पक्ष ने कहा दो टूक 
पूरा मामला जिले के सरसावा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां सोमवार को हरियाणा के यमुनानगर जिले से बारात आनी थी। दोपहर 2 बजे तक जब बारात नहीं पहुंची तो लड़की के परिजनों ने दूल्हा पक्ष से संपर्क किया। इस पर दूल्हे के परिजनों ने कहा कि जब तक दहेज में बुलेट नहीं दी जाती, तब तक बारात नहीं आएगी। 

शादी के दिन बदली गईं कई मांगें
बकौल लड़की पक्ष, उन्होंने निकाह के लिए जर्दा पुलाव और दाल-चावल का इंतजाम किया था। शादी के लिए यह मेन्यू पहले से तय था। लेकिन ऐन मौके पर दूल्हा पक्ष ने बिरयानी और मीट की मांग कर दी। पहले से तय मेन्यू को बदलने में लड़की पक्ष असमर्थ था। लड़की के परिजनों के असहमति जताने पर शादी रुकवा दी गई। दुल्हन ने बताया कि उसके पिता पहले ही दूल्हे के लिए एक बाइक खरीद चुके थे, लेकिन अचानक शादी के दिन बुलेट की मांग रख दी गई। दोनों की सगाई तीन साल पहले ही हो चुकी थी। जिसके बाद से लड़की के परिजनों ने करीब 10 लाख रुपये का इंतजाम कर घरेलू सामान और बाइक खरीदी थी। 

लड़की की भावनाएं हुईं आहत, दूल्हा पक्ष पर होगी कार्रवाई 
दुल्हन की मां का कहना है कि इस तरह के अपमानजनक व्यवहार से लड़की की भावनाएं आहत हुई हैं। परेशान परिजनों ने थाने में जाकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दूल्हा पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। लड़की की मां ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी पहले ही हो चुकी है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static