पुलिस हिरासत में व्यापारी की मौत पर विधायक ने लिखी पोस्ट, कहा- पुलिस उत्पीड़न और महाभ्र्ष्टाचार से है जनता परेशान
punjabkesari.in Thursday, Dec 15, 2022 - 05:03 PM (IST)

हरदोई ( मनोज सहारा ): उत्तर प्रदेश के हरदोई की गोपामऊ सीट से भाजपा के विधायक श्याम प्रकाश की एक फेसबुक पोस्ट फिर चर्चा में है। उनकी पोस्ट पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे है। श्याम प्रकाश ने यह पोस्ट कानपुर में हुई घटना की अखबार कटिंग लगाकर की है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पोस्ट को लेकर विधायक को साधुवाद दिया है।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के विधायक श्यामप्रकाश अपनी पोस्ट को लेकर चर्चा में रहते हैं। वो जनहित के मुद्दों को लेकर और सरकार के कई कामों को लेकर टिप्पणियां भी करते रहते हैं। जिससे श्याम प्रकाश पूरे जिले में फेसबुक पोस्ट पर चर्चा का विषय बने रहते हैं। इसी के चलते एक बार फिर उन्होंने एक ऐसी पोस्ट कर दी है जिसमें उन्होंने दर्शाया है कि, जनता पुलिस के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार से त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस पर ध्यान देने की मांग भी की है। अब यह पोस्ट चर्चा में है और लोग इस पर अपनी तरह तरह की प्रतिक्रिया अभी दे रहे हैं।
जनता पुलिस के उत्पीड़न से त्राहि त्राहि कर रही- श्यामप्रकाश
कानपुर में एक व्यापारी की पुलिस पिटाई से मौत के मामले को लेकर इस समय चर्चा गरम है और ऐसे में एक अखबार में आज खबर छपी है। जिसको गोपामऊ विधायक श्यामप्रकाश ने अपने फेसबुक पेज पर कटिंग लगाकर एक पोस्ट लिखी है। इसमें विधायक ने लिखा है कि, यह पुलिस को असीमित अधिकार और छूट मिलने का दुष्परिणाम है। जनता पुलिस उत्पीड़न और महाभ्र्ष्टाचार से त्राहि त्राहि कर रही है। मुख्यमंत्री जी कृपया जन हित मे संज्ञान लेने की कृपा करे।
कानून व्यवस्था ध्वस्त है लोग परेशान हैं- आशीष सिंह
इस मामले पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशीष सिंह सोमवंशी ने विधायक को साधुवाद दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह विधायक को साधुवाद देते हैं क्योंकि सत्ता पक्ष के होते हुए वह विपक्ष के साथ खड़े हैं और उन्होंने सही बात उठाई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था ध्वस्त है लोग परेशान हैं। पुलिस खनन आदि में काफी व्यस्त है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इन्हीं विधायक की विधानसभा में थे जहां पर सड़के गड्ढा मुक्त नहीं हो पाई हैं। विधायक को लोक निर्माण विभाग के भ्रष्टाचार पर भी टिप्पणी करनी चाहिए।