UP Weather News: 1 फरवरी से प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिज़ाज, कई जिलों में तेज हवाओं का दिखेगा असर
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 01:54 PM (IST)
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में एक फरवरी से मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 72 घंटे तक प्रदेश में मौसम बदला-बदला रहेगा। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी यूपी में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर सुबह और देर रात के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दृश्यता 100 से 500 मीटर तक सिमट सकती है। कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर समेत आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में सफर करने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं, एक फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश और तेज हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ सकता है। हालांकि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में हल्का उछाल देखने को मिल सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य बना रह सकता है, लेकिन कुछ जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं कई जिलों में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी, जिससे दिन के समय हल्की राहत मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश, कोहरा और तेज हवाओं का यह डबल असर आम जनजीवन पर प्रभाव डाल सकता है। खासतौर पर वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

