मां की गोद से मासूम छीनकर फरार हुआ युवक, गिड़गिड़ाती रही मां...लेकिन किसी ने नहीं की मदद

punjabkesari.in Saturday, Nov 05, 2022 - 03:19 PM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से बच्चा चोरी के मामले लगातार सामने आते रहते है। ऐसे में एक ताजा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने महिला की गोद से उसका बच्चा छीन लिया और फिर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन युवक एक कार में बैठकर भाग गया। जिसके बाद महिला का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली है।

बता दें कि यह घटना शुक्रवार की रात पौने बारह बजे की है। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के खलासी लाइन स्थित एक झोपड़ी निवासी हीना मिशन कम्पाउंड में खेमका सदन के पास बैठी थी। खेमका सदन में एक शादी समारोह चल रहा था। महिला मांग खाकर गुजारा करती है। उसकी गोद में उसका सात महीने का बेटा शिवा भी था। तभी, एक युवक पैदल ही महिला के पास आया और उससे बातें करने लगा। इसके बाद युवक ने महिला की आंख मिट्टी डाल दी और उसकी गोद से बच्चे को छीन लिया। इसके बाद कुछ दूर पैदल भागा और फिर कार में बैठकर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाया और आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।

मां के गुहार लगाने पर भी किसी ने नहीं की मदद
घटना के समय घटनास्थल के पास काफी लोग मौजूद थे। क्योंकि, पास में ही एक शादी समारोह चल रहा था। जैसे ही हीना के गोद से युवक ने बच्चा छीना तो वह चिल्लाई और युवक का पीछा करने लगी। उसने लोगों से मदद की गुहार भी लगाई, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। अगर लोग हिना की मदद करते तो आरोपी को पकड़ा जा सकता था।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस घटना की जानकारी होने पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच की जा रही है और सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static