स्वतंत्रदेव सिंह ने किया इंडिया गठबंधन पर प्रहार, कहा- बीजेपी सरकार में संविधान को कोई खतरा नहीं

punjabkesari.in Thursday, May 16, 2024 - 08:21 PM (IST)

महोबाः लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण को लेकर भाजपा नेताओं ने हमीरपुर लोकसभा सीट में प्रचार अभियान तेज़ कर दिया हैं। गुरूवार को महोबा पहुंचे प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री ने भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के समर्थन में जनसभा करते हुए पूर्व से अधिक मतों से जिताने की न केवल अपील की बल्कि सरकार की योजनाओं को बताकर आमजन को भाजपा के पाले में करने की जबरजस्त कोशिश की। यही नहीं स्वतंत्र देव सिंह ने इस मौके पर इंडिया गठबंधन पर प्रहार कर कहा कि बीजेपी सरकार में संविधान को कोई खतरा नहीं है। पिछड़ों,दलितों गरीबों का इसी सरकार में सम्मान है। साथ ही ममता बनर्जी पर भी कटाक्ष किया है तो वही 400 पार में यूपी की 80 सीटें जीतने का दावा भी प्रदेश के जलशक्ति मंत्री ने किया है।

आज घर-घर शुद्ध पीने का पानी पहुंच रहा
मंच से मौजूद भीड़ को संबोधित करते हुए स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार में गरीबों के लिए जन कल्याणकारी योजनाओं का दरवाजा खुला है। वह बुंदेलखंड जो बूंद बूंद पानी के लिए परेशान था आज घर-घर शुद्ध पीने का पानी पहुंच रहा है। तो वहीं बांधों के माध्यम से खेत में भी सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिल पा रहा है। यहां की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम पीएम मोदी ने किया है। ऐसे में आप सबका कर्तव्य है कि इस चुनाव में 400 पार के मिशन को अपने एक एक वोट से पूरा करें।  उन्होंने हमीरपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के लिए वोट करने की अपील मौजूद जनता से की है। 

पिछड़े,गरीबों और दलितों का सम्मान मोदी जी के हाथों में है 
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी वार्ता की और इंडिया गठबंधन पर सीधा हमला बोला। विपक्ष के संविधान और लोकतंत्र को बदलने के आरोप में उन्होंने कहा कि मोदी जी के रहते हुए ये किसी की हैसियत नहीं है कि कोई संविधान को बदल सकेगा। मोदी के आने के बाद से ही पिछड़ों को 27 फीसदी आरक्षण मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय में दिया गया। यही नहीं आजादी के बाद से पिछड़ों को मंत्रिमंडल में सबसे अधिक मौका पीएम मोदी ने दिया है। पिछड़े,गरीबों और दलितों का सम्मान मोदी जी के हाथों में है। सपा और बसपा को आपने देखा है। 2014 के पहले कांग्रेस को भी देखा। कांग्रेस सरकार में शंकराचार्य की गिरफ्तारी की गई। राम को नहीं माना, रामसेतु को नहीं माना। भ्रष्टाचार कर भारत को पाकिस्तान के बराबर लाकर खड़ा कर दिया था,लेकिन अब मोदी के नेतृत्व में गरीबों को पक्के मकान मिल चुके हैं उनका खुद का अकाउंट है आवास है। वर्तमान जन कल्याणकारी योजनाओं से आमजन लाभ पा रहे है।

पाकिस्तान पर बोला हमला 
वहीं पाकिस्तान मंत्रालय द्वारा चुनाव में पाकिस्तान का नाम लिए जाने पर किए गए एतराज पर पलटवार कर कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को हमारे देश में क्यों भेजता है और बॉर्डर पर हमें डिस्टर्ब किया जाता है। उनकी आतंकवादी गतिविधियां वहां से संचालित होती हैं। 2014 के पहले वहां बम फटते थे। कम से कम अब शांति तो है। वहीं ममता बनर्जी के NRC, CAA को खत्म करने के बयान पर उन्होंने कहा कि ममता का यहां कुछ नहीं है। भाजपा राष्ट्रीय और गरीब हित में काम करेगी। 400 पार में यूपी की 80 की 80 सीटें जीतने का दावा भी जल शक्ति मंत्री ने किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static