''ये निंदनीय है, कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए...'' सैम पित्रोदा के बयान पर बोले सीएम योगी

punjabkesari.in Thursday, May 09, 2024 - 02:22 PM (IST)

CM Yogi News: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) के नस्ली बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi Adityanath) भड़क गए है। उन्होंने कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा है। सैम पित्रोदा के बयान की निंदा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से बांटने का रहा है। सैम पित्रोदा का यह बयान निंदनीय है इसके लिए कांग्रेस का माफी मांगनी चाहिए।

यह बयान कांग्रेस की खतरनाक मंशा दिखाता हैः योगी
सैम पित्रोदा के बयान पर सीएम योगी ने कहा, ''ये कांग्रेस के बुद्धिदाता (थिंकटैंक) हैं। तो सैम पित्रोदा स्वाभाविक रूप से कांग्रेस की बांटो और राज करो की नीति को ही बता रहे हैं। कांग्रेस ने तो हमेशा सत्ता के लिए देश को बांटा है। 1947 में भारत को बांटने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। आजादी के बाद भी कांग्रेस ने भारत को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर देश को बांटने का पाप किया है। उन्होंने कहा, सैम का बयान निंदनीय है। कांग्रेस को स्वयं के कृत्यों के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। वह देश को चमड़ी और रंग के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। देश के सामने इस खतरनाक साजिश का पर्दाफाश हो रहा है जो कांग्रेस की खतरनाक मंशा को दिखाता है। भारत जैसे सनातन देश में जो 140 करोड़ भारतवासियों को अपमानित करने वाला जो ये बयान है उसके लिए कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

यह बोले थे सैम पित्रोदा
बता दें कि बुधवार को सैम पित्रोदा ने एक विवादित बयान दिया था। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें वह देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों की तुलना विदेशियों से कर रहे हैं। सैम पित्रोदा ने कहा था कि भारत में दक्षिण के लोग अफ्रीकियों जैसे दिखाई पड़ते हैं। पश्चिमी भारत के लोग अरब जैसे दिखाई देते हैं। उत्तर में लोग गोरे जैसे दिखते हैं और पूर्व में लोग चीनी जैसे दिखते हैं। हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में 70-75 साल से मिलकर एक साथ रहते हैं। हालांकि, सैम पित्रोदा के बयान के बाद कांग्रेस ने खुद को इससे अलग कर लिया और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा ले लिया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static