अच्छे वीडियो और शार्ट फिल्म बनाने वाले होंगे सम्मानितः कीर्ति कुमार
punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2023 - 10:27 PM (IST)

बरेलीः शहर में भारतीय चित्र साधना, विश्व संवाद केंद्र, ब्रजप्रांत के संयुक्त तत्वावधान में 27-28 अक्तूबर को फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को संघ कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में ब्रज क्षेत्र के सह प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने कहा कि इसमें पर्यावरण, समरसता, मेरा गांव, भविष्य का भारत, महिला सशक्तीकरण, स्वतंत्रता संग्राम में ब्रज, रोजगार सृजन, भारतीय संविधान एवं इतिहास, नैतिक शिक्षा-परिवार, विज्ञान वरदान एवं अभिशाप, पौराणिक स्थान एवं संस्कृति पर आधारित 30 मिनट तक के ही वीडियो को शामिल किया जाएगा। 40 साल तक की उम्र के लोग ही इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराएं।
वीडियो का चयन होने पर दिया जाएगा पुरस्कार
रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 सितंबर है, इसके लिए सौ रुपये शुल्क रखा गया है। वीडियो का चयन होने पर प्रथम पुरस्कार के तौर पर 11 हजार, द्वितीय 5100 और तृतीय पुरस्कार में 2100 रुपये दिए जाएंगे। सांत्वना पुरस्कार में 500 रुपये प्रतिभागियों को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि अगले साल 23 से 26 फरवरी तक फिल्म फेस्टिवल का आयोजन हरियाणा के पंचकुला में होगा। इस दौरान आलोक प्रकाश सक्सेना आदि मौजूद रहे।
भारत माता की जय बोलने पर कुछ लोगों को तकलीफ : कीर्ति
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक कीर्ति कुमार ने कहा कि भारत में ऐसे लोग भी हैं, जो देश के संसाधनों का उपभोग करके पले-बढ़े हैं, लेकिन उन्हें भारत माता की जय बोलने पर तकलीफ होती है। हमें उनकी इस तकलीफ को और बढ़ाना है। वह मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। सिनेमा और संस्कृति विषय पर उन्होंने कहा कि दोनों परस्पर रूप से जुड़े हैं। यह वो साझी विरासत है जो दो धाराओं को आपस में बांधती है। अगर कहा जाए कि सिनेमा विश्व बंधुत्व का संवाहक है, तो इसमें अतिशयोक्ति नहीं है। आज भारत विश्व में सबसे ज्यादा फिल्में बनाने वाला देश है।