राम भक्तों पर गोलियां चलवाने वाले लोकतंत्र की ताकत के आगे झुके: योगी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 03, 2021 - 07:30 PM (IST)

अयोध्या: समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम लिये बगैर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन आतताइयों ने रामभक्तों के ऊपर गोलियां चलवायी थीं वह आज लोकतंत्र की ताकत के आगे झुके हुए हैं। कारसेवा जब भी चलेगी तो अब रामभक्तों के ऊपर गोलियों की नहीं बल्कि फूलों की वर्षा होगी।  योगी ने बुधवार को रामकथा पाकर् में एक सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राम ने सबको जोड़ा है। यही राम की ताकत है। यह सबके लिये सौभाग्य का अवसर है कि 2017 से दीपोत्सव के इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन एवं संतों का सहयोग रहा। देखते ही देखते यह दीपोत्सव दुनिया का विशेष आयोजन बन गया। भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन पर दीपोत्सव से पूरा भारत जुड़ता है। यह अपने आप में एक बड़ा उत्सव है। हर एक मंदिर व धार्मिक नगरों से इस उत्सव को जोड़ा है। भावनाओं ने देश की तस्वीर बदल दी।  

 उन्होंने कहा कि राम मंदिर का शिलान्यास पांच अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इससे पहले जब भी वह दीपोत्सव के कार्यक्रम में आते थे तो एक ही नारा यह गूंज रहा था कि योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो। वह नारा आज लोग भूल गये हैं लेकिन मैं नहीं भूला हूं। उस समय बोला था कि मंदिर की आधारशिला रखी जा रही है। आज भव्यता के साथ श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन ठीक 31 वर्ष पूर्व 30 अक्टूबर व 02 नवम्बर को 1990 को अयोध्या के निहत्थे रामभक्तों पर गोली चलाई गई थी। उस समय की तत्कालीन आततायी सरकार द्वारा लोगों को जय श्री राम नहीं बोलने दिया जा रहा था।  योगी ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत बहुत मजबूत होती है, जो उस दौरान राम भक्तों के ऊपर गोलियां चलाई थीं वह आज लोकतंत्र की ताकत के आगे झुके हुए हैं। कारसेवा जब भी चलेगी तो अब राम भक्तों के ऊपर गोलियों की नहीं बल्कि फूलों की वर्षा होगी। राम ने भक्तों को जोड़ा, शोषितों वंचितों को गले लगाया।

उन्होंने कहा कि आदर्श रामराज्य की परिकल्पना आज हम लोगों के सामने है। विगत साढ़े सात वर्षों के दौरान पीएम मोदी के नेतृत्व में जरूरतमंदों को आवास, शौचालय, बिजली का कनेक्शन, उज्जवला गैस मिला है। उन्होंने कहा कि पूरा देश और दुनिया कोरोना से त्रस्त है लेकिन मोदी के मार्गदर्शन में लोगों को भारत में कोरोना की टेस्टिंग, उपचार और राशन की व्यवस्था उपलब्ध कोरोना काल के दौरान करायी गयी। उन्होनें कहा कि कोरोना की वैक्सीन भारत में सभी लोगों को नि:शुल्क दिया गया है। रामराज्य की परिकल्पना इसी से साकार हो रही है जिसकी हम कल्पना कर रहे थे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static