UP: महाराजगंज में दलिताें पर हमला मामले में 12 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2020 - 01:08 PM (IST)

आजमगढ़: आजमगढ़ जिले में महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर आइमा गांव में लड़कियों के साथ कथित छेड़छाड़ के बाद दलित समुदाय की बस्ती हुए हमले के मामले में पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने महाराजगंज कोतवाली के कोतवाल को निलंबित कर दिया है, जबकि सात फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की चार टीमें फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने शनिवार को बताया कि सिकंदरपुर आइमा गांव में बुधवार देर शाम दलित समुदाय के लोगों की बस्ती की लड़कियों के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की। बस्ती के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो एक विशेष समुदाय के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बस्ती पर हमला किया, जिसमें 12 लोग घायल हो गये थे।

जिसके बाद दलित बस्ती के लोगों ने बृहस्पतिवार को 9 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने घटना में शामिल परवेज, फैजान, नूर आलम, सदरे आलम, हमीर, आरिफ, आसिफ, मेराज और सुहैल सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा फरार चल रहे 7 आरोपियों के खिलाफ 25-25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि घटना में शामिल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पर रासुका के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गयी हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। घटना में लापरवाही बरतने पर महाराजगंज कोतवाल अरविंद पांडेय को निलंबित कर दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static