UP: चारा काटने की मशीन में करंट उतरने से पति-पत्नी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 05:02 PM (IST)

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में चारा काटने की मशीन से करंट की चपेट में आकर पति पत्नी की मौत हो गई है। जब तक परिजन उन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाते दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सैबसा गांव निवासी कमल सिंह पटेल खेती किसानी करता था। मंगलवार की सुबह कमल और उसकी पत्नी शोभा देवी चारा काटने की मशीन में चारा काटने जा रहे थे। जैसे ही शोभा देवी ने मशीन चलाने के लिए स्विच ऑन किया और अचानक वह करंट की चपेट में आकर झुलसने लगी। पत्नी को झुलसता देख पति उसे बचाने पहुंचा तो कमल भी करंट की चपेट में आकर झुलसने लगा। देखते ही देखते दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दंपति के तीन बच्चे हैं। रोहित , नीलम,और दीपू है। उनकी मौत के बाद अब बच्चे अनाथ हो गए। माता-पिता को भी याद कर बच्चे रो रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने बताया कि टेवा चौकी क्षेत्र के सैबसा गांव में पति-पत्नी चारा काटने की मशीन में चारा काट रहे थे। तभी अचानक मशीन में करंट उतर आया। सबसे पहले पत्नी को करंट लग गया। उसको बचाने पहुंचे पति को भी करंट लग गया, जिससे दोनों की झुलस कर मौत हो गई है। पुलिस ने पंचायत नामा करके दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाकी जांच की जा रही है कि करंट किस वजह से उतरा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static