UP: प्रवासी मजदूरों के लिए वरदान साबित हो रही मनरेगा योजना

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2020 - 08:10 PM (IST)

हमीरपुर: सरीला मनरेगा योजना प्रवासी मजदूरों के लिए वरदान साबित हो रही है। विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में कई परियोजनाएं पर काम चल रहा है। जल संचयन के कामों पर जोर दिया जा रहा है। प्रवासियों को काम देने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। कोरोना महामारी के बाद लॉकडाउन खुलते ही महानगरों में काम कर रहे मजदूर गांव वापस आ गए थे। इनके परिवार के भरण-पोषण व उन्हें रोजगार देने का एकमात्र भरोसा मनरेगा योजना ही है। शासन के निर्देश पर विभाग भी इन प्रवासी मजदूरों को तुरंत काम देने की पूरी तैयारी में जुटा है।

एक-एक गांव में तीन से पांच तक परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जल संचयन हेतु नाल, तालाबों और वृक्षारोपण के गड्डे की खुदाई के काम पर जोर दिया जा रहा है। विकासखंड की सभी 45 ग्राम पंचायतों में मनरेगा पूरी रफ्तार पर है। आनन-फानन में काम आने वाले मजदूरों के जॉब कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। विकास खंड कार्यालय में देर रात तक कर्मचारी काम करते दिखाई दे रहे हैं। फील्ड कर्मचारी भी पसीना बहा रहे।

खंड विकास अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि विकासखंड की सभी 45 ग्राम पंचायतों में नौ हजार से अधिक मनरेगा मजदूर काम पर लगे हैं। 176 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जल संचयन के कार्य प्राथमिकता में कराए जा रहे हैं। चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static