UP पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी, बागपत-सहारनपुर में 2 इनामी बदमाश ढेर

punjabkesari.in Saturday, Aug 10, 2019 - 03:39 PM (IST)

लखनऊः यूपी पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक्शन मोड में है। आए दिन पुलिस बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही है। इसी कड़ी में बागपत और सहारनपुर जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात इनामी बदमाश मारे गए।

बागपत के दोघट थाना क्षेत्र में असारा-सूजती मार्ग के नजदीक स्थित जंगल में शनिवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसका एक साथी वहां से भाग निकला। विकास को नजदीक एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विकास पर डकैती और हत्या समेत जघन्य अपराधों के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे और उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी था। मुठभेड़ के दौरान सिपाही अनुज भी पेट में गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं सहारनपुर में कुख्यात 'मुकीम काला' गिरोह का इनामी बदमाश हफीज पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। शुक्रवार देर रात वाहनों की जांच के दौरान रोके जाने पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं और कोतवाली देहात क्षेत्र की तरफ भाग गए। रास्ते में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस की तरफ से की गई गोलीबारी में हफीज घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हफीज के खिलाफ मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और सहारनपुर जिलों में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान हफीज का एक अज्ञात साथी वहां से भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है। मुठभेड़ में घायल दारोगा और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static