Weather update: UP में जारी ठंड का कहर, कई हिस्सों में छाया रहा घना कोहरा

punjabkesari.in Sunday, Jan 10, 2021 - 08:31 AM (IST)

नयी दिल्ली/लखनऊः उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप शनिवार को भी जारी रहा, जबकि कश्मीर के कई हिस्सों में फिर से बर्फबारी हुई, जिसके चलते केंद्र शासित प्रदेश में उड़ानों का आवागमन प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि  उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग के अनुसार राज्‍य में आने वाले चौबीस घंटों में सर्दी और जोर पकड़ेगी। इसके अनुसार 10 जनवरी से न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी जबकि 11-12 जनवरी राज्‍य के उत्तरी भागों में शीतलहर चलेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ हल्‍की बारिश हुई जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्‍क रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, गोरखपुर में 12.0 डिग्री, झांसी में 13.5 डिग्री, वाराणसी में 14.1 डिग्री और मेरठ में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फर्रुखाबाद जिले में फतेहगढ़ राज्य का सबसे ठंडा स्थान था, जहां पारा 7.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। विभाग के अनुसार 10 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है जबकि 11 जनवरी और 12 जनवरी को सुबह अलग-अलग स्थानों पर मौसम शुष्क रहने और कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई है, जिससे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 से 13 जनवरी तक शीत लहर की स्थिति बन सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static