आजम खान सपा में रहें या बसपा में जाएं, दोनों दलों की 2027 में हार तय: केशव प्रसाद मौर्य
punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 04:12 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई के बाद उनके बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि खान सपा में रहें या बसपा में जाएं, 2027 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों की हार तय है।
मोहम्मद आज़म ख़ान चाहें सपा में रहें या बसपा में जाएं, सपा-बसपा दोनों की 2027 में हार का मातम तय है।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) September 23, 2025
'2027 में हार का मातम तय है'
सपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान विभिन्न आपराधिक मामलों में लगभग दो साल बाद जमानत मिलने के पश्चात मंगलवार को सीतापुर जिला कारागार से रिहा हुए। सीतापुर जिला कारागार के अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सपा नेता आजम खान की रिहाई हो गई है। इस बीच, केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स' पर पोस्ट कर दावा किया, ‘‘मोहम्मद आजम खान चाहें सपा में रहें या बसपा में जाएं, सपा-बसपा दोनों की 2027 में हार का मातम तय है।''