प्रेम विवाह के 5 महीने बाद महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पिता ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप

punjabkesari.in Monday, Jul 08, 2024 - 06:42 PM (IST)

लखनऊ: गोसाईगंज के रज्जाकपुर में शनिवार रात सुनैना (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। रायबरेली बछरावा के विनायकपुर सेंहगों निवासी सुनैना ने 24 जनवरी को गोसाईगंज रज्जाकपुर के अभिषेक के साथ प्रेम विवाह किया था। सुनैना के पिता दिवाकर का आरोप है कि शादी के बाद से बेटी के ससुराल वाले दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। शुक्रवार को सुनैना ने पति अभिषेक व ससुराल वालों पर पिटाई करने की बात बताई थी। 

बेटी की गले और हाथ पर चोट के निशान 
शनिवार को अभिषेक ने फोन कर बेटी की तबियत बिगड़ने पर गोसाईगंज सीएचसी ले जाने की बात कही। वह अस्पताल पहुंचे तब तक बेटी की मौत हो चुकी थी। बेटी की गले और हाथ पर चोट के निशान थे। इंस्पेक्टर गोसाईगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पिता दिवाकर की ओर से तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

PunjabKesari

बीफार्मा छात्र का फंदे से लटका मिला शव
आलमबाग : कृष्णानगर के विशेश्वरनगर निवासी सुधांशु चौरसिया (20) का शव रविवार दोपहर को फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि विशेश्वरनगर निवासी सूर्यकांत चौरसिया रेलवे में गार्ड हैं। उनका बेटा सुधांशु आजाद इंस्टीट्यूट से बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था। रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला। खिड़की से झांककर देखा तो सुधांशु का शव फंदे से लटका था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुधांशु इकलौता बेटा था। उसके कमरे की तलाशी ली गई लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन भी कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं।

घर में फंदे से लटका मिला महिला का शव
लखनऊ : गोसाईंगंज क्षेत्र में महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। छह माह पहले ही महिला ने प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताई है। पति ने आत्महत्या का कारण पता होने से मना किया है। इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी के मुताबिक, थाना अंतर्गत रज्जाकपुर गांव निवासी अभिषेक रावत की शादी छह माह पहले रायबरेली निवासी सुनैना (19) के साथ हुई थी। अभिषेक ने पुलिस को बताया शनिवार रात सुनैना ने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। वह घर से बाहर था। जब पहुंचा तो सीएचसी ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी मायके वालों ने कोई प्रार्थना-पत्र नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static