अल्ट्रासाउंड कराने के नाम पर न्यूड कराया, फिर की छेड़छाड़- महिला का अस्पताल कर्मी पर गंभीर आरोप
punjabkesari.in Friday, Dec 12, 2025 - 05:46 PM (IST)
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश गोरखपुर जिले के जिला महिला अस्पताल से मानावता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची एक महिला ने अस्पताल कर्मी पर कपड़े उतरवाकर छेड़खानी करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि जांच के नाम पर उसे पूरी तरह निर्वस्त्र कराया गया और फिर अश्लील हरकत की गई। विरोध करने पर कर्मचारी ने उसका मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ दर्ज कराया केस
पीड़िता ने शुक्रवार को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है।
पूरी घटना कैसे हुई?
गुलरिहा थाना क्षेत्र की पीड़िता ने बताया कि वह 11 दिसंबर की सुबह जिला महिला अस्पताल पहुंची थी, जहां डॉक्टर ने पेट का अल्ट्रासाउंड कराने का निर्देश दिया। महिला जांच के लिए निर्धारित कमरे में पहुंची, जहां कर्मचारी अभिमन्यु गुप्ता मौजूद था। कुछ देर बाद महिला का नंबर आया और वह अंदर गई।
“बिना कपड़े उतारे अल्ट्रासाउंड नहीं होगा”- महिला का आरोप
महिला ने अपनी तहरीर में बताया कि आरोपी ने जांच के नाम पर उससे कपड़े उतरवाने की बात कही। महिला के निर्वस्त्र होते ही उसने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिला ने शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर धमकी दी कि यदि उसने आवाज उठाई तो उसे जान से मार देगा। डरी-सहमी महिला को आरोपी ने कमरे से भगा दिया, जिसके बाद वह सीधे कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
अस्पताल प्रशासन हरकत में, जांच कमेटी गठित
घटना की जानकारी मिलते ही जिला महिला अस्पताल के SIC जय कुमार ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है। उन्होंने कहा कि आरोप बेहद गंभीर हैं, जांच में सच्चाई सामने आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल छत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और घटना के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

