प्रियंका ने राम जन्मभूमि को विवादित स्थल बताकर हिंदुओं की आस्था को पहुंचाई चोट: योगी

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2019 - 03:19 PM (IST)

नोएडाः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नोएडा के बिसहड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि प्रियंका से पूछा गया कि राम जन्मभूमि क्यों नहीं गईं तो वह कहती हैं कि वो विवादित स्थल है। यह कहकर उन्होंने हिंदू धर्मावलंबियों की आस्था को चोट पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में कोई वजूद नहीं है। कांग्रेस के खाते में जीरो और बीजेपी के खाते में भारी भरकम उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि आतंकी अजहर मसूद के नाम के साथ कांग्रेस 'जी' लगाती है, लेकिन मोदी सरकार आतंकवादियों को गोलियों और गोलों से समझाने का काम करती है। गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की हवा निकल चुकी है। यह लोग तुष्टिकरण की नीति के साथ देश की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं।

योगी ने कहा कि हमने सभी बूचड़खानों को सख्ती से बंद करवाया। जो कार्य कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए नामुमकिन था वह आज मुमकिन है। नामुमकिन अब मुमकिन है, क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है। पहले लोग कहते थे कि मुख्यमंत्री अगर नोएडा जाएंगे तो अपशगुन हो जाएगा। अपशगुन को ही शगुन बनाने का काम हम लोगों ने किया है। कांग्रेस के 55 साल पर बीजेपी के 5 साल भारी पड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस का सफाया कर एक बार फिर यूपी विकास की ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ा है। 15 वर्षों में सपा-बसपा की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बहुत पीछे धकेल दिया था। यहां का नौजवान बाहर जाता था तो अपनी पहचान छुपाता था। हम प्रदेश के 23 करोड़ जनता को सुरक्षा की गारंटी दे रहे हैं, 23 करोड़ जनता को विकास की मुख्यधारा के साथ जोड़ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static