मुख्यमंत्री को लेकर आ रही खबरें मीडिया की कोरी अटकलबाजी: वेंकैया

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 12:48 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भाजपा के पर्यवेक्षक केन्द्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने सूबे के नए मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल लोगों के बारे में लगाये जा रहे कयासों को मीडिया की विशुद्ध अटकलबाजी करार दिया है।

भाजपा विधायक दल की बैठक के मद्देनजर आज राजधानी पहुंचे नायडू ने लखनऊ हवाई अड्डे पर संवाददाताआें के एक सवाल पर कहा ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के बारे में मीडिया द्वारा जो भी खबरें चलाई जा रही हैं, वे केवल अटकलें हैं। मुख्यमंत्री के बारे में विधायक दल की बैठक में ही निर्णय होगा।’’

उन्होंने बताया कि रविवार को होने वाले शपथग्रहण समारोह के लिए भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह का आयोजन पहले अपराह्न 4.30 बजे होना था लेकिन अब यह 2.30 बजे होगा।

मालूम हो कि मीडिया में आयी खबरों के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। हालांकि इस पद के लिये गृहमंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नाम बतौर दावेदार पेश किये जा रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static