घर में छप रहे थे 500 के नोट! सब्जी वाले ने ऐसे पकड़ी जालसाजों की चोरी, पीछे-पीछे पहुंची पुलिस तो अंदर का नजारा देख उड़े होश
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 07:35 AM (IST)
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस ने जाली नोटों का कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना नरौरा पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन में तीन ऐसे जालसाजों को दबोचा है, जो घर के अंदर प्रिंटर लगाकर हूबहू असली जैसे दिखने वाले 500 रुपए के नकली नोट छाप रहे थे।
सब्जी विक्रेता की सतर्कता से खुला राज
इस गिरोह के पकड़े जाने की कहानी एक सब्जी वाले से शुरू हुई। आरोपियों ने हाल ही में बाजार में एक सब्जी विक्रेता को 500 रुपये का जाली नोट थमाया था। दुकानदार को नोट छूने पर कुछ शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस और मुखबिरों को सक्रिय किया और सीधे गिरोह के ठिकाने तक जा पहुंची।
भारी मात्रा में नोट और उपकरण बरामद
पुलिस ने जब छापेमारी की तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। आरोपियों के पास से पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया है। 12 हजार रुपये के पूरी तरह तैयार जाली नोट। लगभग 14 हजार रुपये के आधे छपे हुए नोट। नोट छापने वाला हाई-टेक प्रिंटर, 3 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक बाइक।
कैसे देते थे वारदात को अंजाम?
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि ये आरोपी घर के भीतर ही प्रिंटर की मदद से 500 रुपए के नोट तैयार करते थे। ये लोग अक्सर भीड़भाड़ वाले स्थानीय बाजारों को निशाना बनाते थे ताकि अंधेरे या जल्दबाजी में कोई नोट को पहचान न सके। पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाले जा रहे हैं, जिसमें कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
पुलिस की कार्रवाई
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को जेल भेज दिया है। पुलिस इसे एक बड़ी कामयाबी मान रही है क्योंकि यह गिरोह बाजार में बड़ी मात्रा में जाली मुद्रा खपाने की योजना बना रहा था।

