केंचुली कांड: प्रेमी संग फरार हुई ''नागिन'' का यू-टर्न, कोर्ट में कहा- ''होश नहीं था कैसे भाग गई, अब माता-पिता के साथ रहूंगी''

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 10:20 AM (IST)

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले का वह चर्चित मामला, जिसने 'इच्छाधारी नागिन' की अफवाहों से पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं, अब एक नए और चौंकाने वाले मोड़ पर आकर रुक गया है। प्रेमी के साथ शादी की कसमें खाने वाली युवती अब अपने माता-पिता के पास वापस लौट आई है।

क्या था 'केंचुली कांड'?
पूरा मामला फफूंद थाना क्षेत्र के सींगनपुर गांव का है। यहाँ 21 साल की रीना अचानक अपने घर से गायब हो गई थी। चौंकाने वाली बात यह थी कि उसके बिस्तर पर सांप की केंचुली, सिंदूर और चूड़ियां मिली थीं। इस रहस्यमयी हालात को देखकर गांव में यह अफवाह फैल गई कि रीना 'इच्छाधारी नागिन' बन गई है। हालांकि, पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वह अपने प्रेमी श्याम के साथ फरार हुई थी।

वीडियो में दी थी धमकी, कोर्ट में बदल गए सुर
फरार होने के बाद रीना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया था। उस वीडियो में उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज करने की बात कही थी। परिवार वालों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार वही होंगे। दावा किया था कि वह अपनी मर्जी से भागी है। लेकिन जैसे ही मामला कोर्ट पहुंचा, रीना के बयान पूरी तरह बदल गए। उसने न्यायालय में कहा कि उसे होश ही नहीं था कि वह प्रेमी के साथ कैसे चली गई।

केंचुली वाले ड्रामे से पल्ला झाड़ा
कोर्ट में पेशी के दौरान रीना ने केंचुली वाली बात पर पूरी तरह अनजान बनने का नाटक किया। उसने कहा कि उसे नहीं पता कि बिस्तर पर केंचुली कहां से आई। उसने साफ कर दिया कि वह अब प्रेमी के साथ नहीं, बल्कि अपने परिवार के साथ रहना चाहती है। वकील के अनुसार, बालिग होने के कारण रीना अपनी इच्छा से कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र है, इसलिए कोर्ट के आदेश पर उसे उसके माता-पिता के साथ भेज दिया गया है।

प्रेमी के अरमानों पर फिरा पानी
जिस प्रेमी के लिए रीना ने घर छोड़ा और दुनिया के सामने वीडियो जारी किया, अब उसी प्रेमी का साथ छोड़कर वह घर लौट गई है। इस पूरे घटनाक्रम ने 'नागिन' वाली अफवाह को तो खत्म कर दिया, लेकिन युवती के बार-बार बदलते बयानों ने लोगों को हैरान कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static