Mathura में कपड़े धोने वाले केमिकल से बन रहा था खाने वाला पनीर, 500KG जहरीला पनीर नष्ट, FIR दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 02:52 PM (IST)

Mathura News: मथुरा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अपना शिकंजा और कस दिया है। मंगलवार को विभाग की टीम ने छाता इलाके में चल रही एक नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में खतरनाक केमिकल्स और रिफाइंड ऑयल बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल जहरीला पनीर तैयार करने में हो रहा था। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए मौके पर मौजूद 500 किलोग्राम दूषित पनीर को नष्ट करवा दिया।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छाता स्थित सोनू कुमार (पुत्र छीतरमल) की पनीर निर्माण फैक्ट्री पर की गई। छापेमारी के दौरान टीम जब अंदर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। पनीर बनाने के लिए रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, टीनोपाल केमिकल, आयरा और सोडियम हाइड्रो जैसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा था।

कार्रवाई की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री से कुल 9 सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इसके अलावा करीब 1.05 लाख रुपए मूल्य का 500 किलो जहरीला पनीर मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, 1.25 लाख रुपए कीमत का 2000 लीटर संदिग्ध दूध सीज कर दिया गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी गई है।

ये भी पढ़ें:- नेपाल बॉर्डर पर पकड़ी गई थाईलैंड की युवती: जांच में फर्जी निकले वीजा दस्तावेज, मचा हड़कंप

आपको बता दें कि मथुरा में खाद्य विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इससे पहले भी टीम ने वृंदावन में मिठाई की दुकानों और गोदामों पर छापेमारी की थी। वहां बेहद गंदगी के बीच रखे करीब 4,100 किलोग्राम मिलावटी पेड़े और मिल्क केक (4000 किलो पेड़ा व 100 किलो मिल्क केक) को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया था। उस जब्त मिठाई की कीमत करीब 6.15 से 6.27 लाख रुपए आंकी गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static