वर्दी के नशे में चूर रक्षक बना भक्षक! बीच सड़क पर लड़की को पैरों से कुचलता दिखा सिपाही, Video Viral होते ही हुआ ये बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 08:16 PM (IST)

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश की जौनपुर पुलिस एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार भी वजह गर्व करने वाली नहीं बल्कि शर्मसार करने वाली है। शोरूम से मोबाइल चोरी के मामले के बाद अब सुरेरी थाने के गेट पर एक सिपाही की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल हुआ है। आरोप है कि चालान काटने के दौरान हुए विवाद में सिपाही ने एक युवती को धक्का देकर गिराया और फिर उसे पैरों से मारा।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार की है, जब सुरेरी थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक अपनी दो सगी बहनों के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। थाने के ठीक सामने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे और हेलमेट भी नहीं था। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर उनका चालान काट दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चालान की प्रक्रिया के दौरान सिपाही हिमांशु राव उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी करने लगा।

वीडियो बनाने पर भड़का सिपाही
जब युवक और उसकी बहनों ने पुलिसकर्मी की बदसलूकी का विरोध किया, तो मामला और बिगड़ गया। युवक ने सिपाही से उसका नाम पूछा और 'नेम प्लेट' दिखाने को कहा। इस पर सिपाही अपनी नेम प्लेट छिपाने लगा। जब एक बहन ने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो सिपाही आपा खो बैठा। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिपाही ने युवती को जोर से धक्का दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद बेरहम सिपाही ने जमीन पर गिरी युवती पर पैर से प्रहार किया।

पुलिस विभाग में हड़कंप, आरोपी सस्पेंड
सरेराह हुई इस मारपीट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस महकमे की थू-थू होने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तत्काल कड़ा एक्शन लिया है। आरोपी सिपाही हिमांशु राव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। सुरेरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

लगातार विवादों में जौनपुर पुलिस
जौनपुर पुलिस के लिए पिछला कुछ समय काफी खराब रहा है। अभी कुछ ही दिन पहले एक पुलिसकर्मी का शोरूम से मोबाइल चुराते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। अब महिलाओं के साथ इस तरह की बर्बरता ने पुलिस के मित्र पुलिस वाले दावे की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static