11 साल पुरानी रंजिश का खूनी अंत: व्यापारी-बेटे को गोलियों से भूना, कोर्ट आए मुख्य आरोपी की भी अस्पताल में मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 12:58 PM (IST)

Baghpat News: उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के टेंट व्यापारी और उसके बेटे की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी की भी यहां अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वरुण लोहारी ने पुरानी रंजिश के कारण मंगलवार को बड़ौत इलाके में टेंट व्यापारी सोहन लाल (55) और उसके बेटे विकास (30) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह भी घटना में घायल हो गया था और मंगलवार रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
बड़ौत के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि वरुण लोहारी को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया था। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसकी मौत कैसे हुई, इसका सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।

फरार बदमाशों की तलाश में जुटीं पुलिस की 10 टीमें
प्रथम दृष्टया उसे गोली लगने की बात भी सामने आई है। गोली कैसे लगी, यह अभी जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बुधवार को बताया कि मृतक पिता-पुत्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि एक नामजद आरोपी बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीम गठित की गई हैं।

कोर्ट की पेशी के दौरान हुआ खूनी खेल
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से रंजिश थी। वर्ष 2015 में बड़ौत पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद विवाद और बढ़ गया। 2023 में वरुण लोहारी गुट की संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया गया, जिसके बाद परिवार ने बागपत छोड़ दिया और देहरादून में रहने लगा। जांचकर्ताओं के मुताबिक, लोहारी एक आपराधिक मामले की सुनवाई के सिलसिले में मंगलवार को अदालत आया था। इस दौरान घटना को अंजाम दिया गया।

CCTV खंगालकर सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों को खंगाल रही है। इस घटना के कारण बड़ौत शहर में तनाव फैल गया, जिससे एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हत्याओं के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भरोसा जताया कि बाकी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरी तरह से खुलासा हो जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static