Sambhal News: पुलिस चौकी से करीब 100 फुट की दूरी पर महिला ने खुद को लगाई आग, वजह जान रह जाएंगे हैरान

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2024 - 09:34 AM (IST)

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गुरुवार को एक महिला ने पुलिस चौकी के पास आत्मदाह किया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में महिला गम्भीर रूप से झुलस गई। पुलिस अधीक्षक कुलदीप विश्नोई ने बताया कि चौधरी सराय पुलिस चौकी के पास 30 वर्षीय महिला ने आत्मदाह किया और उसे बचाने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी झुलस गया। उन्होंने बताया कि महिला ने पुलिस चौकी से करीब 100 फुट की दूरी पर आत्मदाह किया हालांकि चौकी पर मौजूद कांस्टेबल कपिल संधू और अभिमन्यु ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, जिसमें संधू का हाथ जल गया।

जानिए, क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विश्नोई ने बताया कि महिला ने संभल थाने में तहरीर दी थी कि गुल अजीम नाम के युवक से उसके पिछले 2 वर्ष से सम्बन्ध हैं और वह उससे शादी करना चाहती है लेकिन आरोपी उसे धोखा दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस शिकायत पर अपराह्न 3 बजे अजीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (शादी और प्यार का झांसा देकर यौन संबंध बनाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

महिला ने पुलिस चौकी के पास किया आत्मदाह, हालत स्थिर
अधिकारी ने बताया कि थाने में मौजूद महिला निरीक्षक जब आरोपी के घर गई तो पता चला कि जिस व्यक्ति के खिलाफ महिला ने तहरीर दी है वह इस समय पंजाब में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि महिला उसके बाद फिर थाने आई और पूछा कि पुलिस उसकी शादी उस व्यक्ति से क्यों नहीं करा रही, जिसके बाद उसने आत्मदाह करने की कोशिश की। विश्नोई ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static