16 एंबुलेंस के साथ निकाली अंतिम यात्रा, भाई ने की अपने दिवंगत भाई की आखिरी इच्छा पूरी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 03:46 PM (IST)
UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर हर कोई भावुक हो गया। यहां पर एक भाई ने अपने दिवंगत भाई की अंतिम यात्रा में 16 एंबुलेंस शामिल किए। सायरन बजाती एंबुलेंसों का यह काफिला जब सड़कों से गुजरा, तो हर कोई हैरान रह गया। जब लोगों को इसके पीछे की वजह पता चली तो जानकार हर कोई भावुक हो गया।
जानिए इसके पीछे की वजह
यह मामला उन्नाव के पूरन नगर मोहल्ले का है। यहां के निवासी कमलेश, जो पेशे से राजमिस्त्री थे, लंबे समय से लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। हर बार उनकी तबीयत खराब होने पर उनका भाई विमलेश जो पेशे से एंबुलेंस चालक हैं, उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल लेकर जाता था और फिर एंबुलेंस में ही उन्हें घर लेकर आता था। कई सालों तक ये सिलसिला चलता रहा। बताया जा रहा है कि उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए ऐसा किया गया था।
एंबुलेंस से जुड़ा था भावनात्मक रिश्ता
विमलेश ने बताया कि उनके भाई कमलेश का एंबुलेंस से एक अलग ही भावनात्मक जुड़ाव बन गया था। उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि जब उनकी मौत होगी तो उनकी अंतिम यात्रा एंबुलेंसों के साथ निकले। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए विमलेश ने अपने अन्य एंबुलेंस चालक साथियों को संपर्क कर उन्हें एंबुलेंस के साथ घर बुलाया। इसके बाद कुल 16 एंबुलेंसों के साथ कमलेश की अंतिम यात्रा निकाली गई, जो उन्नाव से शुक्लागंज श्मशान घाट तक पहुंची और विमलेश ने अपने भाई को अंतिम विदाई दी।

