2 बेटियों के बाद लगवाई कॉपर टी, फिर भी महिला ने 3 बेटों को दिया जन्म; पिता ने DM से कहा—अब 5 बच्चों का बोझ कैसे उठाएं?
punjabkesari.in Thursday, Sep 11, 2025 - 01:34 PM (IST)

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने कॉपर टी लगवाने के बावजूद तीन बच्चों को एक साथ जन्म दिया। इस घटना के बाद महिला के पति देवेंद्र ने अस्पताल की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अस्पताल से मुआवजा और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
देवेंद्र के अनुसार उनकी पत्नी ममता ने 18 दिसंबर 2021 को जिला महिला अस्पताल में एक बेटी को जन्म दिया था। उस समय उनके घर पहले से ही एक बेटी थी। डॉक्टरों ने सुझाव दिया कि दो बेटियों के बाद परिवार नियोजन के लिए कॉपर टी लगवा लेना चाहिए, जिससे अगले 10 साल तक ममता गर्भवती नहीं होंगी। गरीबी और परिवार नियोजन की वजह से देवेंद्र ने डॉक्टर की बात मानी और उसी दिन उनकी पत्नी को अस्पताल की नर्स अर्पिता ने कॉपर टी लगवा दी।
अस्पताल की लापरवाही से हुआ बड़ा हादसा
लेकिन, करीब 9 महीने पहले ममता को पेट में दर्द होने लगा। देवेंद्र उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन अस्पताल के स्टाफ ने इसे मामूली दर्द बताकर बिना जांच किए वापस भेज दिया। बाद में 27 जुलाई 2025 को ममता ने एक साथ तीन बेटों को जन्म दिया। अब उनके कुल पांच बच्चे हो गए हैं — दो बेटियां और तीन बेटे।
पति की शिकायत और मांग
देवेंद्र ने कहा कि उनकी आर्थिक हालत कमजोर है और इतने बच्चों को पालना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने अस्पताल की लापरवाही की वजह से अपनी जिंदगी मुश्किल में पड़ने की बात कही। देवेंद्र ने डीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए अस्पताल से मुआवजा देने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। देवेंद्र ने कहा, कि डॉक्टर ने कहा था कि कॉपर टी लगवाने के बाद 10 साल तक कोई बच्चा नहीं होगा। हमने भरोसा किया, लेकिन अब तीन बच्चे और हो गए हैं। हम गरीब हैं, इतने बच्चों का पालन-पोषण हमारे लिए संभव नहीं है। अस्पताल हमारी मदद करे और दोषियों को सजा मिले।78
सीएमओ का बयान
पीलीभीत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिल चुकी है।अस्पताल प्रशासन ने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डॉ. आलोक शर्मा ने कहा कि शिकायत की जांच शुरू हो चुकी है। हम मामले की पूरी जांच करेंगे और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कदम उठाए जाएंगे।