वृंदावन में अद्भुत आस्था: महिला ने प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए रखा छठ व्रत, तस्वीर लेकर दिया सूर्य को अर्घ्य
punjabkesari.in Tuesday, Oct 28, 2025 - 03:55 PM (IST)
Vrindavan News: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर जहां महिलाएं अपने परिवार की खुशहाली और उन्नति के लिए व्रत रखती हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के वृंदावन में इस बार एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। यहां एक महिला ने अपने परिवार के साथ-साथ प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए व्रत रखकर विशेष पूजा-अर्चना की।
प्रेमानंद महाराज के लिए रखा व्रत
वृंदावन के राम जानकी घाट पर आयोजित छठ पर्व के दौरान बिहार निवासी सोनम पांडे, जो इस समय वृंदावन में रह रही हैं, ने प्रेमानंद महाराज की तस्वीर लेकर यमुना तट पर सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा, “मैंने यह व्रत महाराज जी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए रखा है। मेरी छठ मैया से यही प्रार्थना है कि वे जल्दी स्वस्थ हों और हमें उनके दर्शन लगातार मिलते रहें। वे ब्रजभूमि के अनमोल रत्न हैं।”
तस्वीर लेकर दी सूर्य को अर्घ्य
पूजा के दौरान सोनम पांडे ने प्रेमानंद महाराज की तस्वीर हाथ में लेकर सूर्य को अर्घ्य दिया और यमुना तट पर परिक्रमा लगाई। उनका यह भक्ति भाव देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। छठ पूजा की यह तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
श्रद्धा का अनूठा उदाहरण
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर देशभर में भक्त चिंतित हैं। जहां मंदिरों और दरगाहों में उनके लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं, वहीं सोनम पांडे द्वारा छठ जैसे पारंपरिक पर्व पर उनके लिए व्रत रखना आस्था और भक्ति का अद्भुत उदाहरण माना जा रहा है। वृंदावन के स्थानीय लोगों ने कहा कि यह दृश्य दिखाता है कि महाराज के प्रति लोगों की श्रद्धा सीमाओं से परे है, जाति, धर्म और परंपराओं से ऊपर उठकर लोग उनकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

