रामपुर उपचुनाव में भाजपा की एतिहासिक जीत, आकाश सक्सेना को मिला जीत का प्रमाण पत्र

punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 09:03 PM (IST)

रामपुर: सपा के कद्दावर नेता आजम खान के गढ़ में आखिरकार बीजेपी ने सेंध लगा ही दी। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने पहली बार शहर विधानसभा सीट से 34136 वोटों से एतिहासिक जीत दर्ज की है। आकाश सक्सेना को रिटर्निंग आफिसर- उप जिलाधिकारी सदर निरंकार सिंह ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। भाजपा प्रत्याशी ने आजम खां की सीट पर सपा प्रत्याशी आसिम राजा को करारी शिकस्त दी। आजम खां ने कानूनी शिकंजे में फंसाने वाले आकाश सक्सेना को मतदाताओं ने स्वीकारा है। उप चुनाव में तीसरे स्थान पर नोटा रहा है। भाजपा प्रत्याशी की जीत पर शहर में जश्न का माहौल है खूब आतिशबाजी और मिठाइयां बांटी गई हैं।

आजादी के बाद पहली बार रामपुर में भाजपा ने जीता चुनाव
37-रामपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए उप चुनाव में रामपुर में भाजपा ने आजादी के बाद पहली बार चुनाव जीता है। वर्ष 1951 से हुए विधानसभा चुनावों में रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से कभी भाजपा या उससे पहले जनसंघ का कोई प्रत्याशी नहीं जीता। भाजपा के दिग्गजों की मेहनत रंग लाई और भाजपा का मुस्लिम कार्ड भी काम कर गया। घने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में जहां कभी भाजपा प्रत्याशी का खाता नहीं खुलता था उन बूथों पर भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान हुआ है। नवीन मंडी परिसर में गुरुवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई जिसमें 20 राउंड तक सपा प्रत्याशी आसिम राजा 1434 वोटों से आगे रहे थे। लेकिन, 21वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने 3161 वोटों से बढ़त बनाकर 34वें राउंड तक पीछे मुड़कर नहीं देखा। 

किस प्रत्याशी को मिले कितने वोट?
भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को 81432, सपा प्रत्याशी 47296, जयवीर सिंह को 169, शिव प्रसाद 87, इम्तियाज उर रहमान खां 335, मोहम्मद इरफान खां 116, जुनैद खां 244, मोईन खां 204, राजेंद्र सिंह को 214, संदीप सिंह को 385 जबकि, नोटा को 726 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना की जीत पर जश्न का माहौल है और शहर में जगह-जगह मिठाइयां बांटकर लोगों का मुहं मीठा कराया गया। उप जिलाधिकारी सदर निरंकार सिंह के हाथों जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर गुलामी की जंजीरों से आजाद हो गया है। कहा कि उन्हें हिन्दू-मुस्लिम सभी ने वोट दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static