अखिलेश ने BJP पर लगाया कॉर्पोरेट के इशारे पर काम करने का आरोप, कहा- देश की संपत्ति को निजी हाथों में सौंपने में जुटी है पार्टी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 31, 2021 - 08:01 PM (IST)

लखनऊ:  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर कॉर्पोरेट के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि यह पार्टी देश की संपत्ति को निजी हाथों में सौंपने की साजिश में जुटी है। अखिलेश ने लोहिया सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा ने देश की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया है। कॉर्पोरेट के इशारे पर काम कर रही भाजपा सरकारी सम्पत्ति को निजी हाथों में सौंपने की साजिश में जुटी हुयी है। भाजपा ने जनमत का अनादर किया है।

यादव ने आगे कहा कि भारत की सांस्कृतिक गरिमा को गिराने की साजिश में ही भाजपा दिन-रात जुटी हुई है।" उन्होंने कहा कि भाजपा का स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों से कोई सम्बंध नहीं है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए जनता के सवालों पर चुप्पी साध लेती है, भाजपा आजादी की दुश्मन क्यों है? लोकतंत्र में सबका सम्मान क्यों नही होना चाहिए? सबको समान अवसर क्यों नहीं मिलना चाहिए? भाजपा सरकार आंकड़े छिपाती क्यों है? इन प्रश्नों पर भाजपा का मौन रहना उसके अधिनायकवादी चरित्र को दर्शाता है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से सवाल किया कि आखिर वह जातीय जनगणना के आंकड़े क्यों नहीं जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनहित की दिशा में सरकार उदासीन है, प्रशासन और सरकारी मशीनरी का प्रयोग लोकतंत्र पर कब्जा करने के लिये किया जा रहा है, राजनैतिक विरोधियों के साथ भाजपा शत्रुतापूर्ण व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीति को दूषित करने की जिम्मेदारी से भाजपा बच नहीं सकती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static