अखिलेश का मोदी सरकार पर हमला, कहा- अहंकार में मनमानी पर उतरी BJP

punjabkesari.in Monday, May 28, 2018 - 01:04 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने  कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे वह उन्हें भूल चुकी है। सत्ता पाकर उसमें अहंकार भी आ गया है। किसानों, नौजवानों, गरीबों, श्रमिकों और व्यापारियों के हितों की भाजपा सरकार में बुरी तरह अनदेखी हुई है।

यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा धोखेबाज पार्टी है। इसने किसानों को, नौजवानों को, छात्रों को सभी को धोखा दिया है। बड़े पैमाने पर नौजवान बेरोजगार हो रहे हैं। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं हो रहा है। वादा किया पर लैपटाप नहीं बांटे। बिजली की बढ़ी दरों और गन्ना मूल्यों का बकाया भुगतान न होने के कारण बागपत में धरना दे रहे किसान की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रसोइयों सहित सबको धोखा दिया गया है। विद्युत संकट गहराता जा रहा है।

भाजपा राज में एक भी सब स्टेशन नहीं बना है। डीजल-पैट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। नौजवानों की भर्ती रुकी हुई है। गंगा सफाई के नाम पर बजट की बंदरबांट हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद में एलीवेटेड सड़क का काम पूरा हो गया था किंतु उसके उद्धाटन में देरी की गई। चूंकि यह सड़क समाजवादी सरकार के समय बनी थी। भाजपा सरकार रागद्वेष से प्रेरित है। जनता उससे आतंकित है। भाजपा के क्रियाकलापों से लोकतंत्र को खतरा है।

यादव ने कहा कि बागपत, बिजनौर, मेरठ के लोग जानते हैं कि गन्ना किसानों का कितना बकाया है और वे भाजपा के छलावे में नहीं आने वाले है। यादव ने कहा कि एक बात तो तय है कि सपा-बसपा में गठबंधन होगा। समाजवादी लोग सबको सम्मान देना जानते हैं। वे सभी का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को दुख देने वाली सरकार को जनता माफ नहीं करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static