बांके बिहारी मंदिर के निकट हुई दुर्घटना पर अखिलेश ने जताया शोक, 5 लोगों ने गंवाई जान
punjabkesari.in Wednesday, Aug 16, 2023 - 07:08 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मथुरा वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के निकट एक जर्जर मकान का छज्जा गिरने से 5 लोगों की मौत पर बुधवार को गहरा शोक व्यक्त किया। यादव ने हादसे पर दु:ख जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। यादव ने भाजपा सरकार से मलबे में दब जाने से गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं के समुचित इलाज की व्यवस्था किये जाने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिये जाने की मांग की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर मथुरा समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था देखी। महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने स्थानीय चिकित्सालय में एमआरआई मशीन न होने की जानकारी सीएमओ को दे दी है। भाजपा सरकार को तत्काल घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए।
बता दें कि वृन्दावन स्थित विश्वप्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के पास मंगलवार की शाम एक पुरानी इमारत गिरने से वहां से गुजर रहे तीर्थयात्रियों में से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता दी जाएगी। पुलिस ने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के पास दुसायत इलाके में बिहारीपुरा निवासी विष्णु बाग वाले के जर्जर मकान के छज्जे पर बंदरों की उछल-कूद के कारण छज्जे का एक बड़ा हिस्सा बाजार से गुजर कर मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं पर आ गिरा। इस घटना में करीब 12 श्रद्धालु मलबे में दब गए। जबकि 5 लोगों की मौत हो गई।