कानून व्यवस्था पर अखिलेश का तंज- अपराध जगत के लिए हीरो बन गए है UP के मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Sunday, Jul 25, 2021 - 12:24 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। अखिलेश ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुुए कहा कि कभी अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करने वाले मुख्यमंत्री आज अपराध जगत के लिए हीरो बन गए हैं और उनका सम्पूर्ण प्रशासन अपराधियों के आगे नतमस्तक है।

अखिलेश ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश पूरी तरह जंगल राज में बदल गया है जहां अपराधी बेलगाम हैं और बहन बेटियां हैवानियत की शिकार हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब लूट, अपहरण, हत्या और बलात्कार की घटना नहीं घटती हो। उत्तर प्रदेश में आज जो हालात है उससे समाज का हर व्यक्ति भयभीत है। बदले की भावना से विपक्ष पर उत्पीड़न कर कार्यवाही आम बात है।

उन्होंने कहा कि अब तो अभिव्यक्ति की आजादी पर भी यहां प्रतिबंध लग गया है। मीडिया की आवाज आईटी और ईडी के द्वारा दबाई जा रही है। राज्य सरकार और भाजपा के खिलाफ टिप्पणी करना भी अपराध हो गया है। राजद्रोह के मुकदमें तो किसी पर भी लगा दिए जाते हैं। जनता त्रस्त है और वह अब बस सन् 2022 के विधान सभा चुनाव का इंतजार कर रही है। भाजपा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने का जनता का इरादा तभी सफल होगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static