Mayawati को CM योगी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने जन्मदिन की दी शुभकामनाएं
punjabkesari.in Sunday, Jan 15, 2023 - 01:37 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के 67वें जन्मदिन पर सीएम योगी, अखिलेश यादव, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, आजादी समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद समेत कई नेताओं ने जन्म दिवस पर ट्वीट कर बधाई दी है। सीएम योगी ने पहले मायावती को फोन पर बधाई दी इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रभु श्री राम से आपके लिए उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 15, 2023
प्रभु श्री राम से आपके लिए उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।
वहीं उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी ट्वीट कर बसपा प्रमुख मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दी है।
वहीं आजादी समाज पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भी ट्वीट कर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्षा मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं मंगल कामना की है। उन्होंने कहा कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों। सादर जय भीम।
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्षा बहन कु• मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं, आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों। सादर जय भीम।
— Chandra Shekhar Aazad (@BhimArmyChief) January 15, 2023
बता दें कि मायावती का आज 67वां जन्मदिन है। इस अवसर पर मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जन्मदिन की बधाई देने वालों को धन्यवाद कहा। मायावती ने कहा कि हम सादगी के साथ जन्मदिन मना रहे हैं। वहीं इस दौरान मायावती ने विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है।
इसके साथ ही मायावती ने आगामी चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मायावती ने कहा कि बसपा विधानसभा और लोकसभा चुनाव अकेली लड़ेगी। किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। हमारी पार्टी गरीबों और पिछड़ों की पार्टी है। मायावती ने कहा कि भाजपा आरक्षण विरोधी है। किसान और मजदूरों पर अन्याय हो रहा है।