Amroha News: पिकअप ने 6 साल के बच्चे को रौंदा, मासूम पर चढ़ा गाड़ी का पिछला पहिया
punjabkesari.in Monday, Jun 05, 2023 - 03:09 PM (IST)

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक 6 साल के बच्चे को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया। बच्चा अपने घर लौट रहा था। तिराहा क्रॉस करते समय पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। पिकअप का पिछला पहिया मासूम के ऊपर चढ़ गया। मासूम को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हादसे का सीसीटीपी भी सामने है, जिसे देखकर किसी का कलेजा मुंह को आ जाए। उधर, हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर, गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
जानिए क्या है मामला?
ये पूरा मामला थाना सैदनगली क्षेत्र के कस्बा उझारी का है। यहां वीडियो में एक तिराहा दिख रहा है। पास में एक दुकान है, जिसमें एक युवक बाहर काम कर रहा है। सड़क के एक तरफ से दो बच्चे निकलते हैं। आगे चल रहा बच्चा बकरी चराते हुए सड़क को क्रॉस करता है। उसके पीछे 6 साल का साद भी चल पड़ता है। साद अपने दोस्त के साथ दौड़कर रोड को क्रॉस करने की कोशिश करता है, लेकिन वह मार्ग पार नहीं कर पाता। तभी मोड़ के पास पीछे से एक पिकअप आती है। साद गाड़ी को देख नहीं पाता। इतने में पिकअप ने उसे रौंद दिया। पिकअप की टक्कर लगने से साद गिर पड़ता है, तब तक पिछला पहिया साद पर चढ़ते हुए आगे बढ़ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे को लेकर पास के अस्पताल गए। यहां से साद को तुरंत ही मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन मेरठ ले जाते समय ही साद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। साद की मां गुलजार रोते हुए बताती हैं कि मेरे साथ ही साद घेर पर पशुओं को चारा देने गया था। वो मेरे साथ ही घर लौट रहा था। मैंने उससे बोला कि साथ में किनारे-किनारे चलो, लेकिन वह अपने दोस्त की वजह से आगे-आगे भाग रहा था। उस समय भी वह दौड़ते हुए आगे दौड़ा और रोड को क्रॉस करने लगा। मेरे सामने ही गाड़ी ने मेरे बच्चे को कुचल दिया। दो मिनट में ही सारा काम हो गया। बच्चे की दर्दनाक मौत से मोहल्ले भर में गम का माहौल है।
क्या कहती है पुलिस
इस मामले में सैदनगली थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि हादसे में बच्चे की मौत की जानकारी मिली है, लेकिन परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अगर तहरीर प्राप्त होती है तो कार्रवाई की जाएगी। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।