Barabanki News: तालाब किनारे इस हालत में युवक का शव देख गांव में मचा हड़कंप- गले में कसा था गमछा, कान और नाक से आ रहा था खून

punjabkesari.in Monday, Jun 19, 2023 - 01:10 PM (IST)

(अर्जुन सिंह)Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक युवक की बेरहमी से हत्या करके बदमाशों ने उसका शव तालाब के किनारे फेंक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक की गर्दन में गमछा कसा मिला। इसके अलावा मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी थे। इस हलत में शव देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। वहीं परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने युवक की पत्नी की तहरीर पर गांव के ही 2 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर एक को हिरासत में भी ले लिया है।

PunjabKesari

जानिए, क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला बदोसराय थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव का है। जहां का निवासी कैलाश नाम का एक युवक रात में घर से कुछ लोगों के बुलाने पर निकला था। परिजनों के अनुसार वह देर रात तक वापस नहीं आया, तो उसकी तलाश शुरू की गई। पूरी रात उसका पता ना चलने पर परिजन काफी परेशान हो गए। फिर सुबह ग्राम प्रधान के माध्यम से उनको सूचना मिली कि कैलाश का शव गांव से लगभग 3 किमी दूर खुर्दमऊ गांव जाने वाले मार्ग पर तालाब के किनारे पड़ा है। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई। मौके पर पहुुंची पुलिस ने देखा कि कैलाश की गर्दन में गमछा कसा था और नाक-कान से खून आ रहा था। उसकी आंख और शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी थे।

PunjabKesari

जानिए, क्या कहना है मामले की जांच कर रहे एएसपी का?
मामले की जांच कर रहे एएसपी आशुतोष मिश्रा के मुताबिक, पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद डॉग स्क्वॉयड और फोरेसिंक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। एएसपी ने बताया कि युवक की पत्नी तहरीर पर गांव के ही अंशू और तिलकराम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या का क्या कारण हैं, इसका जल्द ही पुलिस खुलासा करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static