500 और 200 रुपये के नोट लेने से पहले जरूर पढ़ें ये खबर, बुरे फंस सकते हैं आप, RBI ने जारी किया अलर्ट!
punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 07:57 PM (IST)

लखनऊ : भारत वासियों के लिए एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है। देश में नकली करेंसी का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। इससे लोगों के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। आरबीआई की ताज़ा रिपोर्ट यानि कि वित्त वर्ष 2024-25 के अनुसार, देश में नकली नोटों की संख्या में भले ही थोड़ी गिरावट आई हो, लेकिन कुछ खास मूल्य वर्ग के नोटों – खासकर 500 और 200 रुपये – में भारी उछाल देखा गया है। ये आंकड़े न सिर्फ आम जनता के लिए, बल्कि पूरे बैंकिंग सिस्टम के लिए भी खतरे की घंटी हैं।
कितने नकली नोट पकड़े गए?
आरबीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते वित्त वर्ष यानि कि साल 2024-25 में कुल 2,17,396 नकली नोट जब्त किए गए। इनमें से 500 रूपए के 1,17,722 और 200 रूपए के 32,660 नोट शामिल थे। यह आंकड़ा 2022-23 में पकड़े गए 2,25,769 नकली नोटों से थोड़ा कम है, लेकिन विश्लेषण करने पर एक चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आया है। दरअसल, 500 रुपये के नकली नोटों की संख्या में 37.3% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं 200 रुपये के नकली नोटों में भी 13.9% की बढ़ोतरी हुई।
सावधानी से करें नोटों की जांच
इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आम बैंकिंग लेन-देन से ही नकली करेंसी फैलाई जा रही है। इसलिए लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। अगली बार अब 500 या 200 रुपए का नोट लेने से पहले आपको बेहद सावधान रहने की जरूरत है। अगर आप नकद लेन-देन करते हैं तो नोटों की जांच करना न भूलें। वहीं शक होने पर आप बैंक जाकर संदिग्ध नोटों की पुष्टि कर सकते हैं।
कैसे पहचानें 500 और 200 रुपये के असली नोट?
500 रुपये का असली नोट:
रंग: स्टोन ग्रे
आकार: 66 मिमी x 150 मिमी
मुख्य चित्र: महात्मा गांधी
सुरक्षा धागा: रंग बदलने वाला (हरा से नीला)
वॉटरमार्क: गांधीजी की छवि और '500'
पीछे की छवि: लाल किला
200 रुपये का असली नोट:
रंग: चमकीला पीला
आकार: 66 मिमी x 146 मिमी
मुख्य चित्र: महात्मा गांधी
पीछे की छवि: साँची स्तूप
विशेष चिन्ह: दृष्टिबाधितों के लिए उभरे हुए निशान
सुरक्षा धागा और स्वच्छ भारत लोगो
नकली नोट मिलने पर क्या करें ?
नकली नोट मिलने पर तुरंत अपने बैंक को सूचित करें। पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। नोट लेते समय विशेष सुरक्षा फीचर्स को जांचें – रोशनी में झुकाकर देखें, उभरी छपाई को महसूस करें, और थ्रेड व वॉटरमार्क की पहचान करें।
नकली नोट कौन पकड़ रहा है?
रिपोर्ट यह भी बताती है कि इन नकली नोटों में से सिर्फ 4.7% नोट ही आरबीआई द्वारा पकड़े गए, जबकि बाकी 95.3% नकली नोट अन्य बैंकों द्वारा पकड़े गए। खासकर निजी बैंकों के जरिये नकली नोटों का काला खेल सामने आया है।