स्वतंत्र देव सिंह ने जनसभा को किया संबोधित, कहा- किसानों की सच्ची हितैषी भाजपा सरकार

punjabkesari.in Friday, Feb 25, 2022 - 06:56 PM (IST)

बस्ती/सिद्धार्थनगर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सही मायनों में किसानों की सच्ची हितैषी है और यह उसने पिछले पांच सालों में किसान हित में किये गये कार्यो से साबित भी किया है। बस्ती तथा सिद्धार्थनगर में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्र देव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के लिए कार्य किया है और उसे सभी वर्गों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। योगी सरकार ने गुंडों,माफिया का सफाया करके प्रदेश को भयमुक्त बनाया है।  

उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में मंदिर बन रहा है। धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है तो कांग्रेसी भाजपा नेताओं पर सांप्रदायिक होने के आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस की सरकारों ने देश की आजादी में भाग लेने वालों को भूलकर अपने परिवार के सदस्यों को ही याद रखा, जब चुनाव नजदीक आता है तब कांग्रेस के लोग घर से बाहर निकलते हैं लेकिन जनता इस बार इनको सबक सिखाने के लिए तैयार है। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बरसते हुये स्वतंत्र देव ने कहा कि सपा एक जातिवादी पार्टी है। अखिलेश यादव ने कोरोना के टीके को भाजपा का टीका बताकर लोगों को गुमराह किया और फिर बाद में स्वयं पिता पुत्र ने टीके को लगवा लिया है। 10 तारीख के बाद जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरी बार शपथ लेंगे तो बचे हुए गुंडों का 24 घंटे के अंदर सफाया होगा। उन्हें ठीक करने का काम केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर सकती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल मे भाजपा सरकार ने 15 करोड लोगों के घरों में भोजन की व्यवस्था कराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के दर्द को समझते हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना आने पाए इसलिए सभी किसानों के लिए किसान सम्मान निधि योजना लागू करके किसानो के हित में कार्य किया है। विरोधी तो विरोध करेंगे ही लेकिन 10 मार्च को विरोधी परास्त हो जाएंगे। इस मौके पर बस्ती के चुनावी जनसभा में कप्तानगंज से भाजपा प्रत्याशी चंद्र प्रकाश शुक्ला तथा सिद्धार्थनगर में डुमरियागंज से भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static