Twitter पर CM योगी आदित्यनाथ के नाम रहा साल 2022 का आखिरी दिन, टॉप ट्रेंड हुआ #UPYogi2022
punjabkesari.in Sunday, Jan 01, 2023 - 09:54 AM (IST)

लखनऊ(अश्वनी सिंह): साल 2022 के अंतिम दिन माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के कामकाज पर जम कर सवाल जवाब हुए जिसके चलते ट्विटर पर हैशटैग यूपीयोगी2022 (#UPYogi2022) लगातार कई घंटे तक टॉप ट्रेंड में बना रहा। यूजर्स ने 2022 को सीएम योगी का साल घोषित करते हुए उनके सुशासन, खासकर कानून व्यवस्था, माफिया राज के अंत, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और महिला सुरक्षा को लेकर तारीफ की वहीं 2023 में होने वाले यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर भी ट्विटर पर यूजर्स ने सीएम योगी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया।
साल के आखिरी दिन ट्विटर पर 40 करोड़ यूजर्स तक पहुंचा #UPYogi2022
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को साल के आखिरी दिन ट्विटर पर 40 करोड़ यूजर्स तक हैशटैग यूपीयोगी2022 पहुंचा, वहीं तकरीबन 20 हजार यूजर्स ने इस हैशटैग के जरिए योगी सरकार पर विश्वास जताते हुए अपने विचारों को व्यक्त किया। इसके अलावा लगभग 50 हजार यूजर्स ने लाइक, रिप्लाई और रीट्वीट के जरिए सीएम योगी के शासन को साल 2022 के दौरान सबसे उपयोगी बताया। यूजर्स के अनुसार जिस तरह से यूपी में राजनीतिक सरपरस्ती पाए माफिया की कमर तोड़ी गई है वो काबिले तारीफ है। इसकी वजह से प्रदेश में उद्योग धंधे का माहौल बना है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में प्रदेश की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री के पशु प्रेम का हर कोई एक बार फिर हो गया मुरीद
आपको बता दें कि इस बार शनिवार को सीएम योगी की गोद में बैठी बिल्ली की तस्वीर जैसे ही ट्विटर पर आई, लाइक, रीट्वीट की झड़ी लग गई। हर कोई मुख्यमंत्री के पशु प्रेम का एक बार फिर मुरीद हो गया। महज आधे घंटे में इस ट्वीट को 3500 से अधिक लोग लाइक व 550 से अधिक लोग रीट्वीट कर चुके थे। जबकि 73 हजार से अधिक लोग देख चुके थे। इसके पहले अक्टूबर माह में गोरखपुर चिड़ियाघर में तेंदुओं के शावकों को दूध पिलाते और उन्हें दुलारते हुए मुख्यमंत्री की तस्वीर भी ट्विटर पर धूम मचाने वाली थी।