CM योगी ने BJP सरकार के 8 वर्ष के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धियां, कहा- लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन का कारक बनी है मोदी सरकार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 01, 2022 - 06:06 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सबका साथ,सबका विकास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुये केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार अब तक के आठ वर्ष के कार्यकाल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ 135 करोड़ लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव लाने में सफल रही है।

मोदी सरकार के आठ वर्ष के कार्यकाल में उपलब्धियों का बखान करते हुये योगी ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले आठ वर्ष में भाजपा की सरकार ने देश के भीतर एक विश्वास भरा है। मई 2014 में मोदी ने देश की कमान अपने हाथों में ली थी। सबका साथ सबका विकास के मंत्र के अनुरूप केंद्र की सरकार ने बिना भेदभाव के गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान के हितों के लिए को कार्य किया, वह 135 करोड़ देशवासियों के जीवन मे व्यापक परिवर्तन का कारक बनी है।

उन्होंने कहा कि 2014 के पहले देश में सरकार के प्रति एक अविश्वास का वातावरण था। देश के विभिन्न क्षेत्र में अलगाववाद, उग्रवाद और आतंकवाद सिर चढ़ कर बोल रहा था। अराजकता अपनी पराकाष्ठा की ओर थी। भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका था। गरीबी हटाओ के दशकों से नारे तो लग रहे थे, लेकिन उन्मूलन के लिए कोई ठोस प्रयास 35-40 वर्षों में नहीं दिखे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा सो करके दिखाया। एक-एक योजना व्यक्ति, समाज और राष्ट्रीय जीवन में आत्मनिर्भरता का कारक बनी है।       

मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ वर्ष सेवा सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि है। इंफ्रास्ट्रक्चर के इतने प्रोजेक्ट, अन्नदाता की आय दोगुनी करने के प्रयास, युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों ने भारत की तस्वीर बदली है। इन आठ सालों के दौरान भारत आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ा है। हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बढ़ी हैं। जरूरतमन्दों तक बिना भेदभाव विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है। किसानों और गरीबों की आय में वृद्धि हुई है। अन्तिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पाकर स्वावलम्बन और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है।       

उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति सम्मान, सुरक्षा और स्वावलम्बन के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में सहभागी बन रही है। ‘मेक इन इण्डिया', डिजिटल इण्डिया, स्टाटर्-अप इण्डिया, स्टैण्ड-अप इण्डिया, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान नए भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। हमारा युवा नये भारत और नये उत्तर प्रदेश के निर्माण में नये आत्मविश्वास के साथ योगदान दे रहा है। ‘जैम ट्रिनिटी' अर्थात जन-धन, आधार और मोबाइल के तिहरे संयोजन के जरिये भ्रष्टाचार के तंत्र को समाप्त कर प्रत्येक देशवासी तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाकर अपनी दूरदर्शिता का परिचय दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static