मथुरा कृष्ण जन्मोत्सव में पहुंचे CM योगी, बोले- ''जो मंदिर जाने से डरते थे...अब राम-कृष्ण को बता रहे अपना आराध्य

punjabkesari.in Monday, Aug 30, 2021 - 07:01 PM (IST)

लखनऊ: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे। जहां वह भगवान श्री कृष्ण के तीन दिवसीय जन्म महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि आज़ादी के बाद भारत के पहले राष्ट्रपति ने अयोध्या में रामलला का दर्शन किया। पहले की सरकारों में साम्प्रदायिक समझ कर इससे दूर रहते थे। जो लोग मंदिर जाने से डरते थे, वह अब राम-कृष्ण को अपना आराध्य बता रहे हैं। आज हम सांस्कृतिक धार्मिक धरोहरों को जिंदा कर रहे हैं, ये है नया भारत।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना ने पिछले डेढ़ साल में देश दुनिया में जो कोहराम मचाया है उससे हम प्रभावित हुए, लेकिन इस वर्ष अभी नियंत्रण में है। हम बांके बिहारी जी से प्रार्थना करते हैं जैसे उन्होंने राक्षसों का संहार किया उसी तरह इस कोरोना महामारी रूपी राक्षस का संहार करें। उन्होंने कहा कि अभी मैं फिरोजाबाद से आ रहा हूँ वहां कुछ बच्चे डेंगू वायरल बुखार से दुखद रूप से कल कवलित हुए हैं, ये अत्यंत दुखद है। बृज तीर्थ विकास परिषद का गठन यहां के पूज्य संतो के नेतृत्व में गठित किया गया। इसको 5 हजार वर्ष की सभ्यता को संजोने के साथ यहां का भौतिक विकास भी हो और साथ-साथ सांस्कृतिक विकास भी हों जिसके लिए प्रयास जारी हैं। आज आप देख रहे होंगे कैसे हम सांस्कृतिक धरोहरों को पुनर्जीवित कर रहे हैं।

उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में साम्प्रदायिक समझ कर इससे दूर रहते थे। आज हम सांस्कृतिक धार्मिक धरोहरों को जिंदा कर रहे हैं, ये है नया भारत। पहले हिन्दू पर्व त्यौहारों पर सरकारें उदासीन रहती थीं, कोई व्यवस्था नही होती थी, अब हम हर्षोल्लास के साथ इसे मनाते हैं। ये है परिवर्तन..। हम विकास और तकनीकी के साथ प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। ये बिहारी लाल जी की कृपा है....संतो की इच्छा थी प्रयागराज कुम्भ के बाद वैष्णव कुंभ का भी आयोजन हुआ। ये सब वृंदावन बिहारी लाल जी की कृपा से सम्पन्न हुआ।

योगी ने कहा कि हमे अपने 5 हजार वर्ष की संस्कृत पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए, ये सौभाग्य सिर्फ भारतवासियों और बृजवासियों को ही प्राप्त हुआ है। यहां के पूज्य संतो का ही आशीर्वाद है कि पहले हमने इसे नगर निगम घोषित किया, साथ ही यहां के 7 धार्मिक स्थलों को भी पर्यटन स्थल घोषित किया। अब साथ ही ये भी लोगों की इच्छा है कि ये क्षेत्र मद्य और मांस से मुक्त हो। इसी दिशा में बृज तीर्थ विकास परिषद प्रशासन के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के 7 पुरियो में से एक बृजपुरी भी है। इसी के साथ साथ यहां होने वाली सभी विकास परियोजनाओं के लिए शुभकामनाओं सहित, जन्माष्टमी पर्व की बहुत-बहुत आभार, शुभकामनाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static