महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन भाजपा सरकारों की प्राथमिकता: CM योगी

punjabkesari.in Sunday, Apr 24, 2022 - 10:10 AM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शासनकाल में देश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के प्रभावी प्रयास का दावा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की बड़ी संख्या में भर्ती की कार्यवाही की है और पहले के मुकाबले प्रदेश पुलिस बल में अब महिलाओं की संख्या तीन गुनी हो गई है।

‘नारीत्व की भारतीय अवधारणा' पुस्तक के लोकार्पण के मौके पर योगी ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की बागडोर सम्भालने के बाद महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के प्रभावी प्रयास हुए हैं। प्रधानमंत्री ने बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना प्रारम्भ की। राज्य सरकार ने वर्ष 2019 में ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' संचालित की है। योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक कक्षा में प्रवेश तक विभिन्न चरणों पर 15 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। वर्तमान में लगभग 12 लाख बालिकाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति' अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए प्रभावी कार्यवाही की गयी है। प्रदेश सरकार इस मिशन को ग्राम पंचायत स्तर तक लेकर जा रही है। वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की बड़ी संख्या में भर्ती की कार्यवाही की है। पहले के मुकाबले प्रदेश पुलिस बल में अब महिलाओं की संख्या तीन गुनी हो गयी है। सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों में महिला बीट पुलिस अधिकारी की व्यवस्था की गयी है। यह अधिकारी सप्ताह में एक दिन गांव में जाकर महिलाओं और बालिकाओं के प्रति घर या बाहर होने वाली किसी भी हिंसा से बचाने के लिए संवाद बनाएगी।

योगी ने कहा कि सुरक्षित, सम्मानित और स्वावलम्बी नारी, भारतीय स्त्री द्दष्टि को स्वत: ऊंचाई पर ले जाने में सफल होगी। सरकार द्वारा बैंकिंग कॉरेस्पॉण्डेंट सखी योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत राज्य की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों में बीसी सखी बैंकिंग का कार्य कर रही हैं। ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना' के माध्यम से प्रदेश की 02 लाख बेटियों का विवाह सम्पन्न कराया गया है।‘पोषण मिशन' के पोषाहार का वितरण का कार्य भी महिला स्वयं सहायता समूहों को दिया गया है। वर्ष 2019 में बुन्देलखण्ड में महिलाओं द्वारा गठित बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर्स संघ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में संघ की सदस्यों की संख्या लगभग 06 हजार है। संघ का वार्षिक टर्नओवर 100 करोड़ रुपये से अधिक है। विगत वर्ष संघ का नेट प्रॉफिट 14 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि यह संस्था महिलाओं की क्षमता और सामर्थ्य का आदर्श उदाहरण है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static