महिला की गैंगरेप के बाद हत्या मामले पर बोली प्रियंका- आयोग की सदस्य का बयान शर्मनाक

punjabkesari.in Friday, Jan 08, 2021 - 02:30 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बदायूं में बलात्कार के बाद हत्या की घटना को लेकर महिला आयोग की एक सदस्य के बयान को शर्मनाक बताते  हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महिलाएं इस प्रशासनिक प्रणाली और बदजुबानी को माफ नहीं करेंगी। वाड्रा ने अपने फेसबुक वाल पर पोस्ट किया कि क्या इस व्यवहार से हम महिला सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएंगे। महिला आयोग की सदस्य बलात्कार के लिए पीड़िता को दोषी ठहरा रही हैं। बदायूं प्रशासन को ये चिंता है कि इस केस का सच सामने लाने वाली पीड़िता की पोस्टमाटर्म लीक कैसे हुई। उन्होने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि याद रखिए कि इस समय एक और भयावह बलात्कार के मामले में मुरादाबाद की पीड़िता मौत से जंग लड़ रही है। महिलाएं इस प्रशासनिक प्रणाली को व इस बदजुबानी को माफ नहीं करेंगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य चंद्रमुखी देवी ने गुरुवार को बदायूं में पीड़ित परिवार के घर का दौरा किया था और पुलिस अधिकारियों से जानकारी हासिल की थी। बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि यदि शाम के समय महिला मंदिर जाते समय परिवार के किसी सदस्य को साथ ले जाती तो इस जघन्य वारदात को टाला जा सकता था। हालांकि उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। अगर पुलिस सक्रिय होती तो यह घटना नहीं हो सकती थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम हुई इस घटना की जांच एसआईटी से कराने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत सभी 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष को निलंबित किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static